
www.daylifenews.in
मुंबई। रियल एस्टेट डेवलपर सांघवी हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है। कंपनी मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) और महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुख्य रूप से आवासीय और वाणिज्यिक परियोजनाओं के निर्माण एवं विकास का काम करती है। पृथ्वीराज संकलचंद सांघवी और पख्शल पृथ्वीराज सांघवी कंपनी के प्रवर्तक हैं। प्रस्तावित आईपीओ में 60 लाख तक नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। प्रत्येक इक्विटी शेयर का अंकित मूल्य 10 रुपये है। नए शेयरों से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल कंपनी की अनुषंगियों सांघवी ग्रीन एलएलपी, सांघवीपी बिल्डर्स एलएलपी और पीसांघवी एंड जैन बिल्डर्स एलएलपी में निवेश के लिए किया जाएगा। इसका उपयोग क्रमश: सांघवी होराइजन, सांघवी बुलेवार्ड और सांघवी सैफायर परियोजनाओं की विकास एवं निर्माण लागत के आंशिक वित्तपोषण, भविष्य की परियोजनाओं के अधिग्रहण और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के माध्यम से पेश किए जाने वाले इक्विटी शेयरों को बीएसई लिमिटेड (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है। इश्यू के लिए आर्यमान फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर है।