

सड़कों पर घायल हालत में भटक रहे आधा दर्जन से अधिक गोवंश को पकड़कर करवाया उपचार, बीमारी से लगातार बिगड़ रही हालत
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। उपखंड क्षेत्र में बेसहारा गोवंश पर लंपी बीमारी का कहर बढ़ता जा रहा है। बीमारी की चपेट में आने के बाद कई गाय, बछड़ियां और नंदी सड़कों पर घायल और कमजोर हालत में भटकने को मजबूर हैं। ऐसे में गोसेवा समिति मण्डावर के गोसेवकों ने बीमार गोवंश की सुध लेते हुए उपचार का अभियान शुरू किया है। मंगलवार को गोसेवकों ने अलग-अलग स्थानों पर घूम रहे लंपी से पीड़ित आधा दर्जन से अधिक बेसहारा गोवंश को पकड़कर उनका उपचार करवाया।
गोसेवा समिति के अध्यक्ष रवि कुमार मीना ने बताया कि क्षेत्र में बेसहारा गोवंश में लंपी बीमारी के मामले सामने आ रहे हैं। बीमारी से पीड़ित गोवंश को समय पर उपचार नहीं मिलने से उनकी हालत बिगड़ रही है। कई गोवंश शरीर पर घाव और संक्रमण के कारण चलने-फिरने में भी असमर्थ नजर आ रहे हैं। समिति के गोसेवक ऐसे गोवंश को चिन्हित कर उन्हें पकड़ने और उपचार करवाने का प्रयास कर रहे हैं।
बीमार गोवंश को पकड़ना भी चुनौती
गोसेवकों के अनुसार लंपी से पीड़ित बेसहारा गोवंश को पकड़कर उपचार करवाना आसान नहीं है। बीमारी और दर्द के कारण कई पशु लोगों के पास आने से बचते हैं और इधर-उधर भागने लगते हैं। ऐसे में गोसेवक काफी मशक्कत के बाद उन्हें पकड़कर उपचार के लिए ले जाते हैं। मंगलवार को भी इसी तरह आधा दर्जन से अधिक गाय, बछड़ी और नंदी को पकड़ा गया।
इसके बाद निजी पशु सहायक मदन लाल प्रजापत रिंदली और जीवन राम बैरवा की मदद से बीमार गोवंश का उपचार करवाया गया। गोसेवकों ने बताया कि उपचार के दौरान घावों की सफाई करने के साथ बीमारी से संबंधित आवश्यक दवाएं दी गईं।
सड़कों पर पड़े रहते हैं बीमार पशु
क्षेत्र में कई स्थानों पर बेसहारा गोवंश सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमता नजर आता है। इनमें कुछ पशु लंपी बीमारी से पीड़ित हैं। बीमारी के कारण कमजोर हुए पशु कई बार सड़क किनारे बैठ जाते हैं और लंबे समय तक वहीं पड़े रहते हैं। इससे उनकी हालत और खराब होने का खतरा बना रहता है। गोसेवकों का कहना है कि ऐसे पशुओं को समय पर उपचार मिलना जरूरी है।
रवि कुमार मीना ने बताया कि समिति के गोसेवक लगातार बीमार और घायल गोवंश पर नजर रख रहे हैं। जहां भी किसी गोवंश के बीमार या घायल होने की सूचना मिलती है, वहां पहुंचकर उसे पकड़ने और उपचार करवाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि यदि कहीं लंपी से पीड़ित या घायल बेसहारा गोवंश दिखाई दे तो इसकी सूचना गोसेवा समिति को दें, ताकि समय रहते उसका उपचार कराया जा सके।
इस दौरान करण रायपुर, राजेश रायपुर, लोकेश रायपुर, अनिल मण्डावर ,वकील रायपुर, गुड्डू रायपुर, संतोष रायपुर ,रचित मण्डावर ,करण सैनी मण्डावर सहित अनेक गो सेवक मौजूद थे।