
कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश, आमजन की शिकायत पर तुरंत हो कार्रवाई
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। मनोहरपुर कस्बे में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) हनुमान प्रसाद ने मंगलवार को मनोहरपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
थाना परिसर पहुंचने पर डीएसपी लक्ष्मीनारायण सैनी और थानाधिकारी आशुतोष कुमार ने पौधा भेंट कर एसपी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पुलिस जवानों ने एसपी को सलामी दी और गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया।
थाने के हर कोने का किया निरीक्षण
एसपी हनुमान प्रसाद ने थाने में रहकर हर व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
- सबसे पहले उन्होंने संतरी पहरा, हवालात, मालखाना और रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया।
- सीसीटीएनएस सिस्टम पर दर्ज एफआईआर और उनकी प्रगति को चेक किया।
- महिला हेल्प डेस्क और स्वागत कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं और वहां मौजूद परिवादियों से भी बातचीत की।
- थाने के शस्त्रागार और वाहनों की स्थिति का भी जायजा लिया।
लंबित मामलों पर जताई नाराजगी, दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में लंबित पड़े पुराने मामलों की फाइलें देखीं और एसएचओ को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर रिपोर्ट पेश की जाए।
कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर फोकस
बाद में एसपी ने डीएसपी और एसएचओ के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा – “पुलिस का पहला काम जनता में विश्वास पैदा करना है। थाने में आने वाले हर फरियादी की बात इज्जत से सुनी जाए और उसकी शिकायत पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई हो। कोई भी पीड़ित थाने से निराश होकर न लौटे।”
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि –
रात्रि गश्त मजबूत करो
कस्बे में रात 2 बजे तक युवाओं के नशे में घूमने और फट-फट साइलेंसर वाली बाइकों से हो रही परेशानी पर तुरंत रोक लगाई जाए। रात में पुलिस लगातार गश्त करें।
यातायात नियमों की पालना –
बिना हेलमेट, तीन सवारी और तेज आवाज वाले साइलेंसरों पर विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए।
नशे पर प्रहार –
कस्बे में अवैध शराब और नशीले पदार्थ बेचने वालों को चिन्हित करे
टोल से बचने वाले भारी वाहनों पर रोक –
कस्बे के अंदर घुसने वाले भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री पॉइंट बनाए जाएं।
डीएसपी और एसएचओ रहे मौजूद
इस पूरे निरीक्षण के दौरान डीएसपी लक्ष्मीनारायण सैनी, एसएचओ आशुतोष कुमार, एएसआई, हेड कांस्टेबल सहित थाने का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। डीएसपी सैनी ने एसपी को क्षेत्र में शांति व्यवस्था की पूरी जानकारी दी।
कस्बेवासियों में उम्मीद
एसपी के इस औचक निरीक्षण के बाद कस्बेवासियों में उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों, खासकर युवा समाजसेवी विमल केशुका ने कहा कि अगर एसपी के निर्देशों का सही से पालन हुआ तो कस्बे में रात की आवारागर्दी, तेज रफ्तार बाइकें और नशाखोरी जैसी समस्याओं से जल्द छुटकारा मिलेगा। अंत में एसपी हनुमान प्रसाद ने थाने के स्टाफ को ईमानदारी, अनुशासन और जनता के प्रति मित्रवत व्यवहार रखने की शपथ दिलाई और थाने से रवाना हो गए।