मंदिर की 7 एयर भूमि की पैमाइश होने तक जारी रहेगा धरना

मठेश्वर महादेव मंदिर के महंत का सातवें दिन भी धरना जारी
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। मनोहरपुर कस्बे के प्राचीन मठेश्वर महादेव मंदिर की भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंदिर की भूमि पर कथित रूप से पत्थर डालकर निर्माण शुरू किए जाने से नाराज महंत कबीरदास जी महाराज का गांधी चौक बाजार में शनिवार को सातवें दिन भी धरना जारी रहा। महंत ने स्पष्ट कहा कि जब तक मंदिर की राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज 7 एयर भूमि की पैमाइश कराकर कथित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है मंदिर की भूमि
जानकारी के अनुसार, मठेश्वर महादेव मंदिर मनोहरपुर का प्राचीन शिव मंदिर है। महंत और ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर की खसरा संख्या 1140 में 7 एयर भूमि राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है। इस भूमि पर प्राचीन छतरी, सराय, हनुमान मंदिर और सीसी ब्लॉक सड़क सहित विभिन्न निर्माण बताए जा रहे हैं। महंत कबीरदास जी महाराज पिछले करीब 40 वर्षों से मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
आरोप है कि कुछ लोगों ने भूमि को अपनी खातेदारी की बताते हुए वहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया। साथ ही मंदिर परिसर में लगे हरे पेड़ को काटने और नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। इसी को लेकर महंत अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि राजस्व रिकॉर्ड और पुराने दस्तावेजों के आधार पर भूमि की निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए तथा अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटाया जाए।
प्रशासन ने किया मौका निरीक्षण, कार्रवाई का इंतजार
ग्रामीण मोहन संतका ने बताया कि तहसीलदार शाहपुरा, नायब तहसीलदार मनोहरपुर और थाना प्रभारी मौके का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अब तक ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे गांव में तनाव का माहौल बन रहा है।
सम्पूर्णानंद शर्मा ने कहा कि प्रशासन मौके का निरीक्षण कर चुका है, ऐसे में मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि महंत के लंबे समय तक धरने पर बैठे रहने से कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है।
बाजार बंद कराने की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर भूमि विवाद का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा और बाजार बंद कराने का कदम उठाया जा सकता है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। ग्रामीणों की मांग है कि राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर भूमि की पैमाइश कर विवाद का निष्पक्ष समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्र में तनाव की स्थिति समाप्त हो सके।
धरने में ये रहे मौजूद: उपेंद्र व्यास, पार्षद धर्मेंद्र व्यास, पार्षद सुनील असवाल, मोहन संतका, सम्पूर्णानंद शर्मा, रामावतार हलकारा, सुवालाल हलकारा, श्याम शुक्ला, जीतू कालागोरा, जसवंत जाजोरिया, मोहन मुदगल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *