
डिजिटल शिक्षा की ओर बढ़ते कदम
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। बाल दिवस के अवसर पर सेवार्थ फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से जयपुर स्थित महात्मा गांधी मॉडल स्कूल में विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कंप्यूटर सेट भेंट किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और तकनीकी ज्ञान के प्रति प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
संस्था प्रमुख साधना सेठी एवं डॉ. एकता वशिष्ठ ने बताया कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे सशक्त माध्यम है। वर्तमान डिजिटल युग में प्रत्येक विद्यार्थी को कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी संसाधनों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय को कंप्यूटर सेट भेंट कर बच्चों के शैक्षणिक विकास में सहयोग किया गया।
इस सेवा कार्य में संस्था की सहयोगी सदस्य एवं शिक्षाविद् शीतल अरोरा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में रीना मीणा भी उपस्थित रहीं। संस्था प्रमुख साधना सेठी ने कहा कि सेवार्थ फाउंडेशन ट्रस्ट निरंतर शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक बच्चे को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध हों, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।