
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर में यातायात पुलिस की अनूठी पहल:
न्यू सर सैयद पब्लिक स्कूल नाई की थड़ी एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय चावण्ड का मण्ड जयपुर में आयोजित हुआ यातायात जागरूकता कार्यक्रम।
इस अवसर पर जयपुर शहर में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और आमजन के साथ-साथ युवा पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस, जयपुर द्वारा निरंतर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में न्यू सर सैयद पब्लिक स्कूल नाई की थड़ी तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय चावण्ड का मण्ड जयपुर में यातायात जन-जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात शिक्षा टीम द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं और यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य बिंदु:
नाबालिग वाहन चालकों पर रोक: टीम ने विशेष रूप से जोर देते हुए बच्चों को समझाया कि कानूनन नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाना चाहिए, जिससे वे खुद को और दूसरों को सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रख सकें।
सुरक्षात्मक उपाय: विद्यार्थियों को जेब्रा क्रॉसिंग (Zebra Crossing) का उपयोग कर सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने, दुपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चौपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट की उपयोगिता के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
‘गुड सेमेरिटन’ (अच्छा मददगार) बनने की प्रेरणा: सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले व्यक्तियों की मदद के लिए छात्रों को प्रेरित किया गया। टीम ने समझाया कि संकट के समय घायल व्यक्ति की समय पर सहायता करके हम एक जिम्मेदार नागरिक और ‘अच्छा मददगार’ बन सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट (पर्चे) वितरित किए गए, ताकि वे अपने परिवार और आस-पास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक कर सकें। विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लिया और जीवनभर यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली। अंत में विद्यार्थियों से ट्रैफिक रूल्स के बारे में प्रश्न पूछे समाज सेवी सुनील जैन ने सही जवाब देने पर विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया