महुवा में सैनी समाज को साधने का दांव

मण्डावर, महुवा और बैजूपाड़ा में स्पष्ट बहुमत के चलते कांग्रेस की जीत लगभग तय, जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर उतारे प्रत्याशी
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। महुवा विधानसभा क्षेत्र की तीन पंचायत समितियों मण्डावर, महुवा और बैजूपाड़ा में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव होंगे। तीनों पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस ने प्रधान पद पर कब्जा जमाने की तैयारी पूरी कर ली है। पार्टी ने अपने तीनों प्रत्याशियों के नाम भी तय कर दिए हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस के तीनों ही प्रधान प्रत्याशियों की राशि कुंभ है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में कुंभ राशि के सितारों की बुलंदी को लेकर भी चर्चाएं होने लगी हैं। वहीं, कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन में जातीय समीकरणों को साधने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीतिक जमीन मजबूत करने का दांव भी खेला है।
कांग्रेस ने मण्डावर पंचायत समिति में संतरा देवी मीना, बैजूपाड़ा में सागर बाई मीना और महुवा पंचायत समिति में सत्यनारायण सैनी को प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया है। तीनों नामों के चयन में क्षेत्र के जातीय समीकरणों और सामाजिक प्रतिनिधित्व को प्रमुखता दिए जाने की चर्चा है। खासकर महुवा पंचायत समिति में सैनी समाज से प्रधान प्रत्याशी उतारकर कांग्रेस ने समाज के करीब 28 हजार मतदाताओं को राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सैनी समाज के मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
महुवा में सैनी समाज को साधने की रणनीति
महुवा विधानसभा क्षेत्र में सैनी समाज के करीब 28 हजार मतदाता बताए जा रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस की ओर से महुवा पंचायत समिति में सत्यनारायण सैनी को प्रधान प्रत्याशी बनाना राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि प्रधान पद पर समाज को प्रतिनिधित्व देकर सामाजिक समीकरणों को मजबूत किया जाए। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस किसी भी प्रमुख सामाजिक वर्ग को नजरअंदाज नहीं करना चाहती। इसी रणनीति के तहत तीनों पंचायत समितियों में अलग-अलग सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर प्रत्याशियों का चयन किए जाने की चर्चा है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार पंचायत समिति के प्रधान चुनाव भले ही स्थानीय स्तर के हों, लेकिन इनका प्रभाव विधानसभा क्षेत्र की राजनीति पर भी पड़ता है। प्रधान पद पर अलग-अलग समाजों को प्रतिनिधित्व मिलने से पार्टी को संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक और सामाजिक समर्थन मिलने की उम्मीद रहती है। ऐसे में महुवा में सैनी समाज के प्रत्याशी को आगे करना कांग्रेस की व्यापक राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
बहुमत के बावजूद कांग्रेस ने दिखाई पूरी सतर्कता
तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। इसके बावजूद प्रधान पद के चुनाव को लेकर पार्टी ने पूरी सतर्कता बरती। पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक हलचल के बीच कांग्रेस अपने नवनिर्वाचित सदस्यों को एकजुट रखने में जुटी हुई थी। पार्टी को कहीं न कहीं क्रॉस वोटिंग और भाजपा की ओर से सेंधमारी की आशंका सता रही थी। इसी कारण प्रधान प्रत्याशियों के नाम तय करने से पहले सदस्यों की राय और आपसी सहमति को भी महत्व दिया गया।
अब तीनों प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद कांग्रेस खेमे में तस्वीर काफी हद तक साफ दिखाई दे रही है। पार्टी का दावा है कि उसके सभी सदस्य एकजुट हैं और प्रधान पद के चुनाव में किसी तरह की टूट-फूट नहीं होगी। हालांकि बहुमत होने के बावजूद मतदान तक राजनीतिक गतिविधियों पर सभी की नजर बनी हुई है।
तीनों जगह सदस्यों की अलग-अलग बैठकें हुईं
मण्डावर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामहरी मीना ऊकरूंद ने बताया कि गुरुवार को तीनों पंचायत समितियों के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों की अलग-अलग स्थानों पर बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में सदस्यों की सहमति से प्रधान पद के प्रत्याशियों के नाम तय किए गए। मण्डावर से संतरा देवी मीना, बैजूपाड़ा से सागर बाई मीना और महुवा से सत्यनारायण सैनी कांग्रेस की ओर से प्रधान पद के प्रत्याशी होंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने सभी जातियों और वर्गों को प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से प्रत्याशियों का चयन किया है। कांग्रेस के अंदर किसी तरह की खींचतान नहीं है। सभी सदस्य पार्टी के साथ हैं और तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का ही प्रधान बनेगा।
भाजपा चाहे कितने प्रयास कर ले, क्रॉस वोटिंग नहीं होगी
ब्लॉक अध्यक्ष ने भाजपा की ओर से संभावित सेंधमारी की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा चाहे कितने भी प्रयास कर ले, लेकिन कांग्रेस के सदस्य एकजुट हैं। तीनों पंचायत समितियों में 100 प्रतिशत कांग्रेस के प्रधान बनेंगे। कहीं भी क्रॉस वोटिंग का खतरा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी को मिले स्पष्ट बहुमत का लाभ तीनों जगह मिलेगा।
आज नामांकन के साथ ही होगा मतदान
शुक्रवार को प्रधान पद के लिए प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान कराया जाएगा। कांग्रेस को तीनों पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत मिलने से पार्टी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है। अब राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र यह है कि कांग्रेस अपने बहुमत को प्रधान की कुर्सी तक पहुंचाने में कितनी सफल रहती है। खासकर महुवा में सैनी समाज के प्रत्याशी को उतारने के बाद इस चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *