आखिर ग्लोबल साउथ को COP31 से इतनी निराशा क्यों हुई?

निशांत की रिपोर्ट
लखनऊ (यूपी) से
www.daylifenews.in
Cop 31 पिछले दिन से आगे पढ़िए…..
इस सवाल का जवाब केवल फॉसिल फ्यूल या जलवायु वित्त में नहीं है। यह दोनों के बीच के रिश्ते में छिपा है।
ग्लोबल साउथ के देशों से उम्मीद की जाती है कि वे अपनी अर्थव्यवस्था को कम कार्बन वाली दिशा में ले जाएं। कोयले की जगह स्वच्छ ऊर्जा अपनाएं, परिवहन को इलेक्ट्रिक बनाएं, उद्योगों में नई तकनीक लाएं और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए अपने शहरों और गांवों को तैयार करें।
लेकिन यह बदलाव मुफ्त में नहीं होगा।
भारत जैसे देश में ऊर्जा व्यवस्था को बदलने का मतलब केवल सोलर पैनल लगाने या पवन ऊर्जा की क्षमता बढ़ाने से नहीं है। इसके लिए बिजली ग्रिड को मजबूत करना होगा, ऊर्जा भंडारण की व्यवस्था बनानी होगी, नई तकनीक में निवेश करना होगा और उन इलाकों के लिए रोजगार के विकल्प तैयार करने होंगे जहां आजीविका का बड़ा हिस्सा कोयला उद्योग से जुड़ा है।
इसी तरह अफ्रीका के कई देशों के सामने ऊर्जा की उपलब्धता और आर्थिक विकास की चुनौती है। छोटे द्वीपीय देशों के लिए समुद्र का बढ़ता जलस्तर और तूफान अस्तित्व का सवाल हैं। दक्षिण एशिया के देशों में गर्मी, बाढ़ और अनियमित मानसून पहले से ही लोगों की आजीविका और खाद्य सुरक्षा को प्रभावित कर रहे हैं।
ऐसे में सभी देशों से एक जैसी गति से ऊर्जा बदलाव की अपेक्षा करना न्यायसंगत नहीं होगा।
लेकिन इसका अर्थ यह भी नहीं है कि विकासशील देशों को जलवायु कार्रवाई से छूट मिलनी चाहिए।
असल सवाल यह है कि बदलाव की जिम्मेदारी और उसकी लागत कैसे बांटी जाएगी।
ग्लोबल साउथ की मांग यही है कि विकसित देश अपने ऐतिहासिक उत्सर्जन और आर्थिक क्षमता के अनुरूप वित्तीय सहायता दें। तकनीक साझा करें और विकासशील देशों को ऐसा रास्ता उपलब्ध कराएं जहां जलवायु कार्रवाई के कारण विकास की संभावनाएं सीमित न हों।
COP31 इस सवाल का कोई ठोस राजनीतिक समाधान नहीं दे पाया।
और यही इसकी सबसे बड़ी निराशा है।
एक तरफ दुनिया फॉसिल फ्यूल से दूर जाने की बात करती है, दूसरी तरफ इस बदलाव को संभव बनाने के लिए जरूरी वित्तीय सहायता पर सहमति नहीं बन पाती। एक तरफ 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार होने की आशंका सामने है, दूसरी तरफ उसके प्रभावों से बचने के लिए जरूरी अनुकूलन वित्त का रास्ता अस्पष्ट बना हुआ है।
यह विरोधाभास लंबे समय तक नहीं चल सकता।
अब आगे क्या? COP32 के सामने होगी असली परीक्षा
COP31 की नाकामी के बाद अब निगाहें अगले जलवायु सम्मेलन पर होंगी। COP32 नवंबर 2027 में इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में आयोजित होना प्रस्तावित है।
अफ्रीका में होने वाला यह सम्मेलन अपने आप में महत्वपूर्ण होगा। अफ्रीकी देश जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील हैं, जबकि वैश्विक उत्सर्जन में उनका ऐतिहासिक योगदान अपेक्षाकृत कम रहा है। वहां जलवायु वित्त, अनुकूलन और जलवायु न्याय की मांग स्वाभाविक रूप से केंद्र में रहेगी।
लेकिन केवल सम्मेलन का आयोजन अफ्रीका में होने से कुछ नहीं बदलेगा। COP32 को उन सवालों का जवाब देना होगा जिन्हें अंताल्या में अनसुलझा छोड़ दिया गया।
मसलन:
फॉसिल फ्यूल से दूर जाने के लिए क्या देश कोई स्पष्ट और समयबद्ध रोडमैप तैयार करेंगे?
2035 तक अनुकूलन वित्त को तीन गुना करने का लक्ष्य किस आधार पर तय होगा और इसके लिए पैसा कहां से आएगा?
विकसित देश Article 9.1 के तहत अपनी वित्तीय जिम्मेदारियों को किस तरह पूरा करेंगे?
विकासशील देशों को मिलने वाला जलवायु वित्त कितना सार्वजनिक, रियायती और कर्ज से मुक्त होगा?
Just Transition के तहत कोयला और दूसरे पारंपरिक ऊर्जा क्षेत्रों पर निर्भर श्रमिकों तथा समुदायों के भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा?
क्या जलवायु कार्रवाई के नाम पर विकासशील देशों पर एकतरफा व्यापारिक प्रतिबंध लगाने की प्रवृत्ति पर कोई स्पष्ट सहमति बनेगी?
भारत के लिए भी यह मौका होगा कि वह अपनी जलवायु कूटनीति को और मजबूत करे। जलवायु न्याय और वित्त की मांग के साथ-साथ उसे स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और औद्योगिक बदलाव के क्षेत्र में अपने अनुभव और समाधान भी सामने रखने होंगे।
भारत की आवाज इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि वह एक साथ विकासशील देशों की चिंताओं को सामने रख सकता है और दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने के कारण ऊर्जा बदलाव में नेतृत्व भी कर सकता है।
तो क्या COP31 को सफल कहा जा सकता है?
अगर सफलता का पैमाना यह है कि सम्मेलन के दौरान कुछ संस्थागत फैसले हुए, पहले से चल रहे कार्यक्रम आगे बढ़े और जलवायु सहयोग की प्रक्रिया जारी रही, तो COP31 को पूरी तरह असफल नहीं कहा जा सकता।
लेकिन अगर सफलता का पैमाना यह है कि दुनिया ने जलवायु विज्ञान की चेतावनियों के अनुरूप राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाई, फॉसिल फ्यूल से दूर जाने की दिशा स्पष्ट की और विकासशील देशों को जरूरी वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने का भरोसेमंद रास्ता बनाया, तो COP31 इस परीक्षा में असफल रहा।
मेरे विचार से इसे प्रक्रियागत रूप से आंशिक सफलता, लेकिन राजनीतिक और नैतिक रूप से विफलता कहना ज्यादा उचित होगा।
और इस विफलता की जिम्मेदारी केवल तेल निर्यातक देशों या केवल विकसित देशों पर डालकर आगे नहीं बढ़ा जा सकता। तेल और गैस पर निर्भर अर्थव्यवस्थाओं ने फॉसिल फ्यूल पर स्पष्ट भाषा का विरोध किया। विकसित देश वित्तीय जिम्मेदारियों को लेकर अपेक्षित स्पष्टता और भरोसा नहीं दे सके। वहीं विकासशील देशों के बीच भी ऊर्जा बदलाव की गति और उसके स्वरूप को लेकर मतभेद बने रहे।
यही वजह है कि अंताल्या में दुनिया को वह साझा रास्ता नहीं मिला जिसकी जरूरत थी।
अंत में एक बात पर फिर लौटना जरूरी है।
जलवायु परिवर्तन की मार किसी देश की बातचीत की मेज पर बैठने की ताकत देखकर नहीं पड़ती। बाढ़ आने पर गरीब और अमीर दोनों प्रभावित होते हैं, लेकिन उनके पास उससे उबरने के संसाधन बराबर नहीं होते। भीषण गर्मी में मजदूर, किसान और खुले में काम करने वाले लोग सबसे पहले प्रभावित होते हैं, लेकिन जलवायु संकट से बचने की उनकी क्षमता सबसे कम होती है।
इसलिए जलवायु न्याय का सवाल केवल देशों के बीच जिम्मेदारी बांटने का सवाल नहीं है। यह उन लोगों के जीवन और भविष्य का भी सवाल है जिनकी आवाज अक्सर अंतरराष्ट्रीय बातचीत में सबसे कमजोर होती है।
COP31 ने जलवायु संकट की गंभीरता को कम नहीं किया। उसने यह जरूर दिखा दिया कि दुनिया की राजनीतिक इच्छाशक्ति अभी भी उस गंभीरता के बराबर नहीं पहुंची है।
विज्ञान अपना काम कर रहा है। जलवायु संकट अपने असर दिखा रहा है। अब सवाल यह है कि क्या दुनिया की राजनीति भी समय रहते अपनी जिम्मेदारी निभाएगी? (लेखक के अपने विचार हैं)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *