
मौत के बाद सक्रिय हुई पुलिस, 15 दिन तक खुलेआम घूमने का परिजनों ने लगाया आरोप
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। शहर के बाईपास स्थित करण बास चौराहे के पास गोवर्धन पूजा के दिन एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में गंभीर घायल हुई 68 वर्षीय रामपति ने गुरुवार तड़के करीब 5 बजे घर पर दम तोड़ दिया। वृद्धा के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जयपुर में उपचार चल रहा था। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया था। 16 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर परिजनों के सवाल भी अब और तेज हो गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद दूसरे पक्ष के करीब तीन दर्जन महिला-पुरुषों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने 15 दिनों तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इस दौरान आरोपी खुलेआम घूमते रहे। मृतका के बेटे का आरोप है कि पुलिस गवाह पेश करने सहित अन्य प्रक्रियाओं का हवाला देकर कार्रवाई टालती रही। लेकिन गुरुवार सुबह वृद्धा की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों ने समय रहते कार्रवाई नहीं करने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं।
मौत के बाद सक्रिय हुई पुलिस, 18 आरोपी हिरासत में
वृद्धा की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। शुरुआत में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग पर अड़े रहे। बाद में थानाधिकारी की ओर से आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन राजी हुए। पुलिस ने शव को राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन पुरुषों और आधा दर्जन महिला आरोपियों को हिरासत में लिया है। वृद्धा की मौत के बाद पुलिस की अचानक सक्रियता से घटना के बाद की गई कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले के जांच अधिकारी लालाराम से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर थानाधिकारी से बात करने की बात कही। वहीं, थानाधिकारी को भी कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
गमगीन माहौल में किया अंतिम संस्कार
वृद्धा की मौत के बाद परिवार में शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोपहर बाद हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार गमगीन माहौल में वृद्धा का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से ही परिवार में शोक के साथ आक्रोश बना हुआ है। परिजनों ने पुलिस से शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की मांग की है।