
www.daylifenews.in
मुंबई। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) ने अपने 31वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुंबई में ‘म्यूचुअल फंड सही है’ अभियान के तहत निवेशक शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कई नई पहलों की घोषणा की। इन पहलों का लक्ष्य है, महिलाओं, पहली बार निवेश करने वालों, छोटे कस्बों और शहरों के परिवारों, स्व-सहायता समूहों और माइक्रोफाइनेंस समुदायों जैसे विभिन्न वर्गों में जागरूकता और भागीदारी बढ़ाना। इस अवसर पर सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे ने कहा, “म्यूचुअल फंड दोहरी भूमिका निभाते हैं। इनसे परिवारों को भारत की विकास की संभावनाओं में शामिल होने में मदद मिलती है और उनकी बचत का निवेश उत्पादक अर्थव्यवस्था में होता है।” एएमएफआई के अध्यक्ष, संदीप सिक्का ने कहा, “आज घोषित पहल का लक्ष्य है, निवेशकों की शिक्षा को विभिन्न समुदायों, छोटे शहरों, महिलाओं और युवा निवेशकों तक पहुंचाना, साथ ही उन मानकों को मज़बूत करना जो म्यूचुअल फंड परितंत्र में भरोसे की नींव हैं।” एएमएफआई के मुख्य कार्यकारी, वेंकट एन. चलसानी ने कहा, “इन पहलों का एक ही लक्ष्य है और वह है, देश भर में म्यूचुअल फंड तक पहुंच, इसके बारे में लोगों की समझ और भरोसा बढ़ाना।”