बालिका के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में कैंडल मार्च एवं प्रदर्शन

www.daylifenews.in
जयपुर। श्रीगंगानगर की बालिका के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में मानसरोवर में कैंडल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन, दोषियों को फांसी देने की मांग जयपुर, 9 जुलाई। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक एवं राज्य अधिवक्ता संघ के संयुक्त तत्वावधान में श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय बालिका के साथ हुई जघन्य एवं अमानवीय घटना के विरोध में स्वर्ण पथ, मानसरोवर पर विरोध प्रदर्शन एवं कैंडल मार्च आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में श्रीमती अमृता भारती, एडवोकेट शीला हरवानी, एडवोकेट मनु शर्मा, जिनेश जैन, प्रवीण जैन, विश्व हिंदू परिषद के आशु गुर्जर, मातृशक्ति की श्रीमती विनीता शर्मा, दुर्गा वाहिनी की संयोजिका अवनी शर्मा, दिनेश मेहता, संजय शर्मा, संतोष विरवाल एवं प्रभु लाल बेरवा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।
ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रदेश संयोजक एडवोकेट मनीष शर्मा ने कहा कि मासूम बच्चियों के साथ होने वाले ऐसे जघन्य अपराध पूरे समाज को शर्मसार करते हैं। उन्होंने दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मुकदमा चलाकर फांसी की सजा देने की मांग की। राज्य अधिवक्ता संघ के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट विनयकांत सक्सेना ने कहा कि महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने सरकार से ऐसे अपराधों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई करने तथा समाज में सुरक्षा का वातावरण स्थापित करने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पीड़िता को न्याय दिलाने एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। (प्रेस विज्ञप्ति)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *