
www.daylifenews.in
मुंबई। भारत में निवेश करने वाले विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के लिए बाजार में प्रवेश अब आसान और तेज होने जा रहा है। सिटी ने ‘ईएफपीआई @ सिटी’ सेवा शुरू की है, जिसके जरिए एफपीआई का पंजीकरण अब महज पांच कारोबारी दिनों में पूरा किया जा सकेगा। पहले इस प्रक्रिया में कई हफ्ते से लेकर कई महीने तक लग जाते थे। इस सेवा को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। पहले चरण में अमेरिका, आयरलैंड और लक्जमबर्ग के विनियमित पब्लिक फंड—जिनमें म्यूचुअल फंड और यूनिट ट्रस्ट शामिल हैं—के लिए सेवा शुरू हो चुकी है। दूसरे चरण में सिंगापुर, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन समेत अन्य देशों को शामिल किया जाएगा। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने कहा कि यह सेबी के उस प्रयास के अनुरूप है, जिसमें तकनीक के इस्तेमाल से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों को भारतीय पूंजी बाजार तक तेजी से पहुंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। सिटी की एशिया साउथ सर्विसेज प्रमुख मृदुला अय्यर ने कहा कि किसी भी बाजार का आकर्षण इस बात पर निर्भर करता है कि निवेशक वहां कितनी आसानी से प्रवेश कर सकता है। नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) के एमडी एवं सीईओ विजय चंदोक ने कहा कि सिटी और एनएसडीएल के बीच सहयोग के तहत एपीआई इंटीग्रेशन किया जा रहा है, जिससे दोनों प्रणालियों के बीच एंड-टू-एंड डिजिटल कनेक्शन स्थापित होगा।