RFC के औद्योगिक प्रोत्साहन शिविरों में उमड़ा उद्यमियों का विश्वास

उदयपुर, पाली एवं सिरोही में कुल राशि 2,370.00 लाख के ऋण आवेदन प्राप्त
www.daylifenews.in
जयपुर। राजस्थान वित्त निगम (RFC) द्वारा उद्यमियों को वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन एवं त्वरित ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उदयपुर, पाली एवं सिरोही में मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में नए एवं स्थापित उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा राजस्थान वित्त निगम की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सहायता योजनाओं के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
इन शिविरों के दौरान कुल राशि 2,370.00 लाख के ऋण आवेदन प्राप्त हुए। इनमें उदयपुर से राशि 970.00 लाख, पाली से राशि 650.00 लाख तथा सिरोही से राशि 750.00 लाख के ऋण आवेदन शामिल हैं। इससे आवेदकों के क्षेत्र के उद्यमियों में राजस्थान वित्त निगम की योजनाओं के प्रति बढ़ते विश्वास का स्पष्ट संकेत मिलता है।
शिविरों में उपस्थित इच्छुक उद्यमियों को निगम द्वारा संचालित विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, इच्छुक उद्यमियों के ऋण प्रार्थना पत्र मौके पर ही तैयार करवाकर आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाया गया।
राजस्थान वित्त निगम के कार्यकारी निदेशक हर सहाय मीणा ने कहा कि निगम द्वारा उद्योग, होटल, गेस्ट हाउस, अस्पताल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स एवं अन्य सेवा क्षेत्र की इकाइयों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। निगम द्वारा विभिन्न विशेष ऋण योजनाओं का संचालन भी किया जा रहा है तथा रीको द्वारा आवंटित भूमि पर स्थापित होने वाली इकाइयों को भी ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र उद्यमियों को मात्र 5.50 प्रतिशत ब्याज दर पर 200 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान वित्त निगम का उद्देश्य केवल वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाकर राज्य में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करना है। इससे नए उद्योगों की स्थापना के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
निगम की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान- डॉ हरसहाय मीणा
वित निगम कार्यकारी निदेशक हरसहाय मीणा आईएएस मीणा ने उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए निगम की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उद्यमियों से निगम की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा निरंतर एनपीए में कमी लाने तथा निगम को और अधिक सुदृढ़ एवं सक्षम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिविरों में निगम मुख्यालय से महाप्रबंधक पंकज पुरोहित एवं उपमहाप्रबंधक रविंद्र सहित संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिला उद्योग केंद्र, रीको औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधि, औद्योगिक एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमियों ने भाग लिया।
उदयपुर शिविर में शाखा प्रबंधक मनोज टोडवाल, पाली शिविर में शाखा प्रबंधक सलिल मित्र तथा सिरोही शिविर में शाखा प्रबंधक दामिनी गर्ग सहित संबंधित अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविरों में प्राप्त राशि 2,370.00 लाख के ऋण आवेदन इस बात का प्रमाण हैं कि राजस्थान वित्त निगम की योजनाओं के प्रति उद्यमियों का विश्वास निरंतर बढ़ रहा है। निगम द्वारा भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से उद्यमियों को वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन एवं त्वरित ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *