

www.daylifenews.in
जयपुर। NEET-2026 पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेशभर में उबाल के बीच PCC के आह्वान पर कांग्रेस नेताओ व कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शाहपुरा से विधायक मनीष यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने PCC कार्यालय से बीजेपी कार्यालय तक पैदल मार्च निकालते हुए “NTA बैन करो” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा दो” जैसे नारों के साथ हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गवर्नमेंट हॉस्टल के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान विधायक मनीष यादव पुलिस घेरा तोड़ते हुए बैरिकेडिंग पर चढ़ गये, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई तथा माहौल गहमागहमी में बदल गया। बाद में पुलिस ने विधायक मनीष यादव को हिरासत में लेकर गिरफ़्तार कर लिया।
विधायक यादव ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार पेपर लीक जैसी गंभीर घटनाओं को रोकने में पूरी तरह विफल रही है, जिसका खामियाजा लाखों विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। भविष्य को लेकर असमंजस और मानसिक तनाव के कारण कई विद्यार्थी गंभीर अवसाद का सामना कर रहे हैं, लेकिन सरकार युवाओं और विद्यार्थियों की पीड़ा के प्रति संवेदनशील नजर नहीं आ रही। NTA को तत्काल बैन किया जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफ़ा दें।