सचिन पायलट पर बयान को लेकर बढ़ा विवाद

अभद्र टिप्पणी पर सियासी संग्राम
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
शाहपुरा (जयपुर)। भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल द्वारा पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। इस बयान को लेकर कांग्रेस समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक वर्गों में नाराजगी देखी जा रही है। इसे शालीन राजनीति पर हमला बताते हुए भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
इस दौरान ऑल इंडिया किसान कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव कुंवर दिगराज सिंह शाहपुरा ने कहा कि राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि जब जनता विकास, रोजगार, महंगाई और मूलभूत मुद्दों पर जवाब चाहती है, तब व्यक्तिगत टिप्पणियां और विरोधियों पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करता है। कांग्रेस समर्थकों ने इसे केवल सचिन पायलट का अपमान नहीं, बल्कि मुद्दा-आधारित और सम्मानजनक राजनीति की उम्मीद रखने वाले हर नागरिक की भावना पर चोट बताया है।
विरोधियों का कहना है कि भाजपा की ओर से इस बयान पर स्पष्ट प्रतिक्रिया न देना और चुप्पी साध लेना और भी गंभीर संकेत देता है। इससे यह संदेश जाता है कि राजनीतिक संवाद का स्तर गिराना अब सामान्य रणनीति बनता जा रहा है। जिससे राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जनता अब केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि जवाबदेही चाहती है। आने वाले समय में इस तरह की बयानबाजी का असर राजनीतिक माहौल और जनमत दोनों पर देखने को मिल सकता है। प्रदेश में इस मुद्दे को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है और विपक्ष इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं से जोड़कर जनता के बीच उठाने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *