प्रदेश में सूखे जैसे हालात, सरकार समय रहते सर्वे कराए : अशोक गहलोत

www.daylifenews.in
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में सूखे जैसे हालात बनने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत चिंता का विषय है। हनुमानगढ़ से लेकर बालोतरा तक ग्वार, मूंग, मोठ और बाजरे की खरीफ फसलें बारिश की कमी से झुलस चुकी हैं और कई जगह पूरी तरह बर्बाद होने के कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि जो किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं, उनकी हालत सबसे ज्यादा चिंताजनक है। वहीं पशुपालकों के सामने भी मवेशियों के लिए चारे का संकट खड़ा होता जा रहा है।
श्री गहलोत ने कहा कि सबसे बड़ी चिंता यह है कि जब खरीफ की फसल ही बर्बाद हो चुकी है, तो किसान रबी की बुवाई के लिए बीज, खाद और खेत की तैयारी कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़े होने का है।
श्री गहलोत ने सरकार से मांग की कि समय रहते फसल खराबे का सर्वे कराया जाए, किसानों को मुआवजा दिया जाए, चारा डिपो खोले जाएं और रोजगार देने की तैयारी अभी से की जाए। उन्होंने कहा कि रबी सीजन के लिए किसानों को हरसंभव मदद सुनिश्चित की जानी चाहिए। (प्रेस नोट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *