

विधायक ने महवा और मण्डावर में अहिंसा सर्किल बनाने की घोषणा की
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। यहां पल्लीवाल जैन समाज की ओर से बुधवार को चातुर्मास मंगल प्रवेश महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। गढ़ रोड स्थित देवी जी के मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा के साथ परम पूज्या गुरुवर्या डॉ. श्री प्रियदर्शना जी म.सा. एवं डॉ. श्री सुदर्शना जी म.सा. का नगर में मंगल प्रवेश हुआ। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भजन, मंगलाचार और धर्मसभा से पूरा वातावरण धर्ममय बना रहा।
पंचायती धर्मशाला में आयोजित धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। समाज अध्यक्ष शशिकांत जैन ने बताया कि चातुर्मास के दौरान जैन पल्लीवाल श्वेताम्बर मंदिर में प्रवचन, धर्मसभा, स्वाध्याय, तप, आराधना, युवा एवं महिला संस्कार शिविर, पर्युषण सहित विभिन्न धार्मिक और संस्कार मूलक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में धर्म, संस्कार और नैतिक मूल्यों का प्रसार करना है।
मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र मीणा ने गुरुवरों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने जैन समाज की लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकार करते हुए महवा और मंडावर नगरपालिका क्षेत्र में अहिंसा सर्किल बनाने की घोषणा की। घोषणा होते ही पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और समाज के लोगों ने विधायक का आभार व्यक्त किया।
विधायक मीणा ने कहा कि संतों का सान्निध्य समाज को धर्म, संयम, सेवा, सदाचार और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देता है। धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को संस्कृति और आध्यात्मिकता से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए गुरुवरों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
समाज के श्याम जैन ने बताया कि महोत्सव में अलवर, जयपुर, महवा, हिंडौन सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जैन समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिला-पुरुष और बच्चों की मौजूदगी से पूरे दिन धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।