
www.daylifenews.in
बेल्लारी। सुबह से ही शिविर स्थल पर दिव्यांगजनों का पहुंचना शुरू हो गया। किसी को पहली बार अपने पैरों पर खड़े होने की उम्मीद थी, तो कोई फिर से सहजता से चलने का सपना लेकर आया था। नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर के निःशुल्क फिटमेंट शिविर में 634 दिव्यांगजनों को 687 नारायण मॉड्यूलर कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स फिट किए गए। हल्के, टिकाऊ और आरामदायक कृत्रिम अंग पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। फिटमेंट के बाद मिरर बार पर चलने के अभ्यास ने उनके आत्मविश्वास को नई मजबूती दी। संस्थान की 40 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने लाभार्थियों की जरूरतों के अनुसार कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स फिट किए। नारायण सेवा संस्थान की निदेशक वंदना अग्रवाल ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को आत्मविश्वास के साथ चलने, दैनिक कार्य स्वयं करने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सक्षम बनाना है। संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल के अनुसार, 16 अगस्त को आयोजित चयन एवं माप शिविर में 797 से अधिक दिव्यांगजनों का पंजीकरण हुआ था। इनमें चयनित 634 लाभार्थियों को इस शिविर में कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स प्रदान किए गए।