
www.daylifenews.in
लास वेगास। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने दुनिया के सबसे बड़े आभूषण व्यापार कार्यक्रम – जेसीके लास वेगास – में लगातार 21वीं बार भागीदारी की है। ‘द वेनेशियन एक्सपो’ में, इंडिया पवेलियन, भारत के 33 सबसे दूरदर्शी सदस्य निर्यातकों के लिए वैश्विक मंच बन रहा है। 3,900 वर्ग फुट में फैले इंडिया पवेलियन का उद्घाटन लॉस एंजिल्स में भारत के महावाणिज्य दूत डॉ. के. जे. श्रीनिवास ने किया। इस अवसर पर जीजेईपीसी के अध्यक्ष किरीट भंसाली; जीजेईपीसी के अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी संयोजक विजय मंगुकिया; जीजेईपीसी के प्रचार, विपणन और व्यवसाय विकास (पीएमबीडी) संयोजक आशीष बोरडा; जीजेईपीसी की बैंकिंग, बीमा और कराधान समिति (बीआईटीसी) के संयोजक मितल दोषी; और जीजेईपीसी के कार्यकारी निदेशक सब्यसाची रे भी उपस्थित थे। जीजेईपीसी के अध्यक्ष, किरीट भंसाली ने कहा: दो दशक से भी अधिक समय से, जीजेईपीसी ने जेसीके लास वेगास में अपनी मज़बूत उपस्थिति बनाए रखी है, और दुनिया के सामने भारतीय कारीगरी को पेश करने का यह 21वां साल, हमारे लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। 3,900 वर्ग फुट के विशाल क्षेत्र में 33 निर्यातकों के साथ, हम न केवल उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि डिज़ाइन-आधारित विनिर्माण शक्ति के रूप में भारत की क्षमताओं को भी दुनिया के सामने पेश कर रहे हैं।