जलवायु संकट से जूझते ग्लोबल साउथ को फिर मिला इंतज़ार

COP 31 : क्या भारत की चिंताएं भी अनसुनी रह गईं?
निशांत की रिपोर्ट
लखनऊ (यूपी) से
www.daylifenews.in
अंताल्या में दो दिन की अतिरिक्त बातचीत के बाद भी दुनिया के देश किसी साझा राजनीतिक समझौते पर नहीं पहुंच सके। फॉसिल फ्यूल से दूरी बनाने की प्रतिबद्धता गायब रही और जलवायु परिवर्तन के असर से जूझ रहे विकासशील देशों के लिए अनुकूलन के पैसों का कोई ठोस रास्ता नहीं निकला। भारत ने जलवायु न्याय, समानता और विकसित देशों की वित्तीय जिम्मेदारी का मुद्दा मजबूती से उठाया। लेकिन सम्मेलन का नतीजा इन मांगों से काफी दूर रहा।
अंताल्या से क्या हासिल हुआ और क्या छूट गया?
तुर्किये के अंताल्या में 9 नवंबर से शुरू हुआ COP31 सम्मेलन 20 नवंबर को खत्म होना था। लेकिन बातचीत में सहमति नहीं बन पाने के कारण इसे दो दिन और आगे बढ़ाना पड़ा। रविवार, 22 नवंबर को जब सम्मेलन खत्म हुआ, तब तक दुनिया के करीब 200 देश एक साझा राजनीतिक समझौते पर सहमत नहीं हो पाए थे।
इस समझौते को Antalya Pact नाम दिया जाना प्रस्तावित था। लेकिन सम्मेलन के आखिरी दिन इसके मसौदे पर भी सहमति नहीं बन सकी।
COP31 के अध्यक्ष मूरत कुरुम ने समापन सत्र में साफ कहा कि इस दस्तावेज पर सहमति नहीं बनी है और इसलिए इसे स्वीकार नहीं किया गया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने इस नतीजे पर गहरी निराशा जताई। उनकी एक टिप्पणी इस पूरे सम्मेलन की विफलता को समझने के लिए काफी है।
उन्होंने कहा, ”बातचीत की मेज पर भले ही सहमति न हो, लेकिन विज्ञान को लेकर कोई अस्पष्टता नहीं है।”
दरअसल, जलवायु परिवर्तन पर वैज्ञानिक चेतावनियां लगातार गंभीर होती जा रही हैं। दुनिया 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान वृद्धि की सीमा पार करने की ओर बढ़ रही है। इसके बावजूद देश इस बात पर सहमत नहीं हो सके कि कोयले, तेल और गैस पर निर्भरता कम करने के लिए सामूहिक रूप से क्या किया जाना चाहिए और इस बदलाव का आर्थिक बोझ कौन उठाएगा।
यहीं से COP31 की असली कहानी शुरू होती है।
फॉसिल फ्यूल पर दुनिया फिर क्यों बंटी?
COP28 में दुबई के भीतर एक महत्वपूर्ण सहमति बनी थी। पहली बार किसी COP के मुख्य फैसले में दुनिया ने फॉसिल फ्यूल से दूर जाने की जरूरत को स्वीकार किया था। इसे न्यायसंगत, व्यवस्थित और समान तरीके से करने की बात कही गई थी।
यह एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि थी, क्योंकि दशकों तक जलवायु वार्ताओं में कोयले, तेल और गैस के इस्तेमाल को कम करने की बात सीधे तौर पर उठाने से भी देश बचते रहे थे।
COP31 से उम्मीद थी कि दुबई में बनी इस सहमति को आगे बढ़ाया जाएगा और इसे लागू करने के लिए एक स्पष्ट रास्ता तैयार होगा।
लेकिन अंताल्या में पेश किए गए अंतिम मसौदे में फॉसिल फ्यूल का जिक्र ही नहीं था।
यानी जिस मुद्दे को जलवायु संकट से निपटने के केंद्र में होना चाहिए था, वही अंतिम राजनीतिक समझौते से गायब हो गया।
इस पर यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, पनामा, मार्शल आइलैंड्स और कई दूसरे देशों ने आपत्ति जताई। यूरोपीय संघ ने इसे अस्वीकार्य बताया। छोटे द्वीपीय और जलवायु संकट के प्रति संवेदनशील देशों की चिंता थी कि फॉसिल फ्यूल से दूरी बनाने की प्रतिबद्धता के बिना यह समझौता पुराने वादों से भी पीछे चला जाएगा।
दूसरी तरफ सऊदी अरब और रूस जैसे तेल और गैस पर निर्भर देश फॉसिल फ्यूल को लेकर स्पष्ट भाषा शामिल करने के विरोध में थे।
यहां एक बात समझना जरूरी है। COP में फैसले आम सहमति यानी consensus से होते हैं। किसी एक देश की असहमति भी प्रस्तावित समझौते को रोक सकती है। इसलिए अंतिम मसौदे को स्वीकार कराने के लिए उसकी भाषा में लगातार बदलाव किए गए। लेकिन इन बदलावों के बावजूद सहमति नहीं बन सकी।
इस पूरे घटनाक्रम में एक दिलचस्प बात यह भी है कि यूरोपीय संघ और कई छोटे द्वीपीय देशों ने कमजोर समझौते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। यानी इस बार कुछ देशों ने समझौता न होने का जोखिम उठाया, लेकिन फॉसिल फ्यूल पर चुप्पी को स्वीकार नहीं किया।
हालांकि, केवल फॉसिल फ्यूल का मुद्दा ही विवाद की वजह नहीं था। जलवायु वित्त, अनुकूलन और ऊर्जा के इस्तेमाल में बदलाव को लेकर भी गहरे मतभेद थे।
सवाल यह है कि जब दुनिया पहले ही फॉसिल फ्यूल से दूर जाने की जरूरत स्वीकार कर चुकी है, तो हर अगले सम्मेलन में इस पर फिर से बातचीत की नौबत क्यों आती है?
इसका जवाब जलवायु कूटनीति की राजनीति में छिपा है। ऊर्जा का सवाल केवल पर्यावरण का सवाल नहीं है। यह देशों की अर्थव्यवस्था, व्यापार, रोजगार, ऊर्जा सुरक्षा और राजनीतिक हितों से भी जुड़ा है। जिन देशों की अर्थव्यवस्था तेल और गैस के निर्यात पर टिकी है, वे इस बदलाव को लेकर स्वाभाविक रूप से सतर्क हैं। वहीं विकासशील देश भी यह पूछ रहे हैं कि उनकी ऊर्जा जरूरतें और विकास की आकांक्षाएं पूरी करने के लिए विकल्प और संसाधन कहां से आएंगे।
लेकिन इन दोनों चिंताओं का समाधान फॉसिल फ्यूल पर चर्चा को ही गायब कर देना नहीं हो सकता।
जलवायु वित्त पर भी नहीं मिला ठोस भरोसा
COP31 में ग्लोबल साउथ की एक बड़ी उम्मीद जलवायु वित्त को लेकर थी।
जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने के लिए विकासशील देशों को दो तरह की मदद की जरूरत है। पहली, उत्सर्जन कम करने और स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने के लिए निवेश। दूसरी, उन प्रभावों से निपटने के लिए संसाधन जो अब टाले नहीं जा सकते। जैसे बाढ़, सूखा, समुद्र के बढ़ते जलस्तर, अत्यधिक गर्मी और बदलते मौसम के कारण खेती और आजीविका को होने वाला नुकसान।
दूसरे हिस्से को Adaptation Finance यानी जलवायु अनुकूलन के लिए वित्त कहा जाता है।
विकासशील देशों की मांग रही है कि विकसित देश इसके लिए पर्याप्त, नियमित और अनुमानित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएं। इसकी वजह भी साफ है। औद्योगिकीकरण के लंबे दौर में विकसित देशों ने बड़ी मात्रा में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन किया। लेकिन आज जलवायु परिवर्तन के असर का सामना उन देशों को भी करना पड़ रहा है जिनका ऐतिहासिक उत्सर्जन अपेक्षाकृत बहुत कम रहा है।
UNEP के आकलनों के मुताबिक, विकासशील देशों को 2035 तक अनुकूलन के लिए हर साल लगभग 300 अरब डॉलर की जरूरत पड़ सकती है। इसके मुकाबले अभी उपलब्ध वित्त बहुत कम है।
COP31 के शुरुआती मसौदे में 2035 तक अनुकूलन वित्त को बढ़ाकर 120 अरब डॉलर सालाना करने का प्रस्ताव था। लेकिन बाद के मसौदों में यह आंकड़ा हटा दिया गया।
अंतिम प्रस्ताव में 2035 तक अनुकूलन वित्त को तीन गुना करने की दिशा में आगे चर्चा करने की बात तो रही, लेकिन न तो कोई स्पष्ट रकम तय हुई और न ही यह बताया गया कि इस लक्ष्य तक पहुंचने का रास्ता क्या होगा।
यहां एक बुनियादी समस्या है।
मान लीजिए किसी देश के सामने हर साल आने वाली बाढ़ से निपटने, सूखे के लिए तैयार रहने, शहरों को गर्मी से बचाने और तटीय इलाकों की सुरक्षा करने की चुनौती है। उसे आज ही निवेश करना है। वह अगले साल या उसके बाद होने वाली बातचीत के भरोसे अपनी तैयारी नहीं कर सकता।
अनुकूलन के लिए पैसे की जरूरत भविष्य में नहीं, अभी है।
इसलिए जब जलवायु संकट से प्रभावित देशों को रकम और समयसीमा के बजाय आगे बातचीत का भरोसा दिया जाता है, तो उनके लिए यह नतीजा निराशाजनक होना स्वाभाविक है।
एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि जलवायु वित्त केवल कुल रकम का सवाल नहीं है। पैसा किस रूप में मिलेगा, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अगर विकासशील देशों को जलवायु कार्रवाई के नाम पर और कर्ज लेना पड़े, तो उनके सामने विकास और जलवायु कार्रवाई के बीच एक नया आर्थिक दबाव खड़ा होगा।
ग्लोबल साउथ की मांग है कि विकसित देशों से मिलने वाला वित्त मुख्य रूप से सार्वजनिक, रियायती और अनुमानित होना चाहिए। इसे कर्ज के नए बोझ में नहीं बदलना चाहिए। COP31 इस सवाल का भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। (लेखक के अपने विचार हैं) जारी…. अगले दिन देखिएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *