




www.daylifenews.in
जयपुर। इनाया खान ने अमेरिका के मिशिगन राज्य के साउथफील्ड स्थित लॉरेंस टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रतिष्ठित रोबोफेस्ट वर्ल्ड चैंपियंस 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर बिल्डिंग ब्रिड्जस श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है।
इनाया ख़ान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर घाना का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी टीम का आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता के साथ सफलतापूर्वक मार्गदर्शन किया। विश्व के अनेक अग्रणी देशों को पीछे छोड़ते हुए उनकी टीम ने यह ऐतिहासिक विजय दर्ज की।
यह उपलब्धि न केवल घाना, बल्कि भारत के लिए भी अत्यंत गर्व का विषय है। इतनी कम उम्र में विश्वस्तरीय मंच पर विजय प्राप्त कर इनाया ख़ान ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत इरादे, कड़ी मेहनत और बड़े सपने किसी भी लक्ष्य को साकार कर सकते हैं।
उनकी यह सफलता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। आज इनाया ख़ान भारत और घाना—दोनों देशों के लिए आशा, सम्मान और नई पहचान का प्रतीक बन चुकी हैं।
शकील ख़ान ने बताया कि 16 मई, रविवार को प्राप्त यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इनाया ख़ान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत महिला अधिकारिता विभाग एवं बाल विकास विभाग, जयपुर – राजस्थान सरकार की ब्रांड एम्बेसेडर भी हैं, जो बालिका सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इतनी कम उम्र में विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में विजय प्राप्त करना उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। “छोटी सी उम्र, बड़े सपने और विश्वस्तरीय जीत”—यह उपलब्धि परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद ज़ाकिर खान ने इनाया के अमेरिका के मिशिगन राज्य के साउथफील्ड स्थित लॉरेंस टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रतियोगिता में अवार्ड जीतने पर ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए उन्हें बधाई देते हुए कहा कि इनाया ने देश का नाम रोशन कर हम सबका सीना फख्र से मजबूत किया है।