
www.daylifenews.in
मंडी। क्या किसी सामग्री की खामियां ही उसकी सबसे बड़ी ताकत बन सकती हैं? भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मंडी के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में प्रदर्शित किया है कि अति-पतली सामग्री में मौजूद सूक्ष्म संरचनात्मक खामियों का योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करके उसकी इलेक्ट्रॉनिक कार्यक्षमता को बेहतर बनाया जा सकता है। यह शोध अगली पीढ़ी के मेमोरी उपकरणों और मस्तिष्क से प्रेरित कंप्यूटिंग तकनीकों के विकास की नई संभावनाएं खोलता है। प्रो. विश्वनाथ बालकृष्णन के नेतृत्व में अंजलि शर्मा, यदु चंद्रन और भूमित लुहार सहित शोधकर्ताओं की टीम ने रासायनिक वाष्प निक्षेपण तकनीक से तैयार टंगस्टन डाइसल्फाइड आधारित उपकरणों का अध्ययन किया। शोधकर्ताओं ने यह समझने का प्रयास किया कि सल्फर परमाणुओं की अनुपस्थिति से बनने वाले रिक्त स्थान और सूक्ष्म दरारें विद्युत आवेशों की गति को किस प्रकार प्रभावित करती हैं। इस शोध की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि जिन संरचनात्मक खामियों को आमतौर पर निर्माण प्रक्रिया की कमी माना जाता है, उनका उपयोग इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए किया जा सकता है। शोध में पाया गया कि सूक्ष्म दरारों के साथ रिक्त स्थानों की गति से विद्युत प्रवाह के लिए सूक्ष्म मार्ग बनते हैं, जिससे एक प्रकार की स्विचिंग प्रक्रिया होती है। इस तकनीक के संभावित उपयोगों में ऊर्जा-कुशल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट सेंसर, पहनने योग्य और पोर्टेबल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्वचालित प्रणालियां तथा एज कंप्यूटिंग शामिल हैं।