
www.daylifenews.in
नई दिल्ली। भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री जयन्त चौधरी ने ताइपे, ताइवान में 26 से 28 मई 2026 तक आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय व्यावसायिक और तकनीकी कौशल प्रतियोगिता, 2026 ताइपे कैपिटल कप वर्ल्डस्किल्स इनविटेशनल टूर्नामेंट में भाग लेने वाले भारतीय दल को रवाना किया। पांच सदस्यों वाला भारतीय दल जो भविष्य के ग्लोबल चैंपियन हैं, वे वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 से पहले वार्म-अप इवेंट के तौर पर आयोजित इस टूर्नामेंट में लगभग 15 देशों के प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे। इस अवसर पर कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) की सचिव देवश्री मुखर्जी, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर अरुणकुमार पिल्लई और साथ ही मंत्रालय और एनएसडीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। जयन्त चौधरी ने प्रतियोगियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्कृष्टता के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस टूर्नामेंट में भारत की भागीदारी, 48वें वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 की ओर देश की तैयारियों के सफ़र में एक महत्वपूर्ण कदम है।