

भजनों पर झूमीं महिला श्रद्धालु, पुष्प वर्षा से भक्तिमय हुआ माहौल
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। शहर के गांधी चौक स्थित श्री गोपालजी मंदिर में गुरुवार को गोपालजी महिला मंडल के तत्वावधान में लहरिया महोत्सव आयोजित किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने पारंपरिक लहरिया परिधान पहनकर भाग लिया। इससे मंदिर परिसर राजस्थानी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं के विशेष शृंगार, पूजन और आरती के साथ हुई। इसके बाद महिला मंडल की ओर से भजन-कीर्तन शुरू किया गया। ढोलक और मंजीरों की थाप पर महिलाओं ने राधा-कृष्ण के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर महिला श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमती और नृत्य करती नजर आईं।
इस दौरान ‘राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी’, ‘मीठे रस से भरयो री राधा रानी लागे’, ‘झूला झूले राधा प्यारी संग में बांके बिहारी’ सहित कई भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। संकीर्तन के दौरान भगवान के विग्रह और श्रद्धालुओं पर गुलाब के फूलों की पुष्प वर्षा की गई। इससे मंदिर परिसर का माहौल भक्तिमय हो गया।
मंदिर महंत बृजमोहन दास शर्मा ने बताया कि सावन-भादो में आयोजित होने वाले पारंपरिक उत्सव भारतीय संस्कृति और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भी लोक परंपराओं और धार्मिक संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्री गोपालजी को मिष्ठान और ऋतुफलों का भोग लगाया गया तथा महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को चरणामृत और प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में हॉस्पिटल रोड सहित आसपास की कॉलोनियों से बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु शामिल हुईं।