
वाशिंग मशीन, कीमती कपड़े, नकदी सहित सामान जला
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। सरकारी अस्पताल के पीछे स्थित एक मकान में बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण मीटर में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की चपेट में आने से मकान में रखा घरेलू सामान, वाशिंग मशीन, कीमती कपड़े, बक्से में रखा सामान तथा नकदी जलकर राख हो गई।
पीड़ित लक्ष्मी देवी ने बताया कि देर रात वह परिवार बच्चों के साथ सो रही थी अचानक मीटर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें और तपन लगने की वजह से चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सूझबूझ दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लोगों ने घर में रखा सामान बाहर निकालकर बड़ा नुकसान होने से बचाया।
घटना की सूचना पीड़ित की ओर से थाना पुलिस एवं बिजली विभाग में देकर जांच और नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। आगजनी की घटना के बाद परिवार में भय और मायूसी का माहौल है।