
हर घर तिरंगा अभियान के तहत गांधी चौक से बस स्टैंड तक गूंजा देशभक्ति संदेश
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर मंगलवार को मनोहरपुर नगर पालिका की ओर से गांधी चौक बाजार से बस स्टैंड तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी शुभम गुप्ता के निर्देशन में आयोजित रैली में नगर पालिका कार्मिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर लोगों को राष्ट्रभक्ति के साथ स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया।
रैली के दौरान बाजार क्षेत्र में लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा स्वच्छ मनोहरपुर बनाने का संदेश दिया गया। रैली गांधी चौक से रवाना होकर प्रमुख बाजार मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंची।
नगर पालिका की टीम ने आमजन से अपील की कि हर घर पर तिरंगा फहराने के साथ हर गली-मोहल्ले को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी निभाएं। देशभक्ति केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने शहर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना भी नागरिक जिम्मेदारी है।
रैली के माध्यम से नगर पालिका ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के साथ स्वच्छता, जागरूकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश आमजन तक पहुंचाया। बाजार में रैली को लेकर लोगों में भी उत्साह नजर आया।