नगर पालिका के लाखों रुपये खर्च, फिर भी 5 महीने में टूटी नालियां

अधिकारियों की लापरवाही, ठेकेदारों की मौज
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे में नगर पालिका द्वारा लाखों रुपये खर्च कर क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत और लोहे की गाटर लगाने का कार्य सवालों के घेरे में आ गया है। नगर पालिका ने यह कार्य रणवीर नामक ठेकेदार की फर्म को टेंडर के माध्यम से दिया था, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर अब स्थानीय लोग गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कस्बे के काली तली मोहल्ले में करीब 4 से 5 महीने पूर्व बनाई गई नालियां अब टूटने लगी हैं। कई स्थानों पर लोहे की एंगल बाहर निकल आई हैं, जिससे हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
तोपचीवाड़ा और काली तली क्षेत्र के लोगों ने ठेकेदार पर घटिया सामग्री उपयोग करने का आरोप लगाया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका का पैसा बर्बाद किया जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।
लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी हरिनारायण यादव एवं कनिष्ठ अभियंता वीरेन्द्र कुमार की निगरानी में यह कार्य कराया गया था। निर्माण कार्य की जांच भी कनिष्ठ अभियंता द्वारा की गई थी, इसके बावजूद कुछ ही महीनों में नालियों का क्षतिग्रस्त होना कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जांच के बावजूद ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि लगातार उसी ठेकेदार को नए टेंडर दिए जा रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। क्या कहते हैं पालिका अधिशासी अधकारी हरिनारायण यादव को फोन लगाया गया उनका फोन बंद आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *