ट्रक हड़ताल से थमे ट्रकों के पहिए, माल ढुलाई प्रभावित

लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस के विरोध में यूनियन ने बंद किया संचालन
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। राजस्थान ट्रक ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति के आह्वान पर चल रही ट्रक हड़ताल का असर अब मण्डावर में भी नजर आने लगा है। सोमवार से मण्डावर मजदूर ट्रक यूनियन ने भी हड़ताल में शामिल होकर ट्रकों का संचालन बंद कर दिया। इससे यूनियन से जुड़े करीब 150 ट्रकों के पहिए थम गए हैं। माल ढुलाई व्यवस्था प्रभावित होने से व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने लगा है।
ट्रकों की आवाजाही बंद होने से जहां व्यापारियों को माल परिवहन में परेशानी हो रही है, वहीं ट्रक चालकों, परिचालकों, मजदूरों और इससे जुड़े अन्य लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस का विरोध
ट्रक यूनियन के उपाध्यक्ष काडू गुर्जर ने बताया कि वाहनों में लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लगाने के विरोध में ट्रक मालिकों ने हड़ताल का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि परिवहन कारोबार पहले से ही कई समस्याओं से जूझ रहा है। वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया में परेशानी और परिवहन विभाग से परमिट जारी नहीं होने के कारण ट्रक मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि टोल नाकों पर चालान की लगातार कार्रवाई से चालक भी परेशान हैं। कई बार नियमों और व्यवस्थाओं से जुड़ी परेशानियों के कारण वाहन मालिकों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है, जिससे ट्रांसपोर्ट कारोबार प्रभावित हो रहा है।
अनाज मंडी में धीमा पड़ा कारोबार
ट्रक हड़ताल का असर अनाज मंडी पर भी दिखाई देने लगा है। मंडी में माल की आवक और बाहर भेजने की व्यवस्था प्रभावित होने से व्यापार की रफ्तार धीमी हो गई है। ट्रकों के अभाव में माल को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में परेशानी आ रही है। इसका असर व्यापारियों के साथ-साथ मजदूरों और पल्लेदारों पर भी पड़ रहा है।
व्यापार समिति अध्यक्ष पारस जैन और व्यापारी आशीष झालानी ने बताया कि यदि हड़ताल लंबे समय तक जारी रहती है तो इसका असर केवल ट्रांसपोर्ट कारोबार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बाजार व्यवस्था और आमजन की जरूरतों पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा। ट्रकों पर निर्भर हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
सरकार से जल्द समाधान की मांग
ट्रक यूनियन पदाधिकारियों और व्यापारियों ने सरकार से जल्द हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने से किसान, व्यापारी, मजदूर और आमजन सभी परेशान हो रहे हैं।
ट्रक मालिकों ने मांग की है कि लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस सहित अन्य समस्याओं पर सरकार सकारात्मक निर्णय ले, ताकि हड़ताल समाप्त हो और वाहनों का संचालन फिर से शुरू हो सके। यूनियन का कहना है कि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में व्यापारिक गतिविधियों पर इसका असर और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *