एनएच-48 मनोहरपुर पर सड़क सुरक्षा को लेकर QR कोड

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर(जयपुर)। कस्बे के NH 48 टोल प्लाजा पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जयपुर रेंज पुलिस द्वारा एक अभिनव अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 टोल प्लाजा पर मनोहरपुर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व व टोल प्लाजा मैनेजर इमरान खान की मौजूदगी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वाहन चालकों को ‘ब्लैक स्पॉट्स’ (दुर्घटना संभावित क्षेत्रों) के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत पुलिस ने सड़क किनारे बैनर और पोस्टर लगाकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। खास बात यह रही कि इन बैनरों पर QR कोड भी लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर वाहन चालक अपने रूट पर आने वाले खतरनाक ब्लैक स्पॉट्स की सटीक जानकारी मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं।
तकनीक और जागरूकता का संगम
पुलिस द्वारा शुरू की गई इस डिजिटल पहल का उद्देश्य यात्रियों को पहले से ही उन स्थानों के बारे में सचेत करना है, जहाँ सड़क हादसों की संभावना अधिक रहती है। QR कोड स्कैन करते ही संबंधित मार्ग के दुर्घटना संभावित स्थानों की सूची या मैप खुल जाता है, जिससे चालक समय रहते सावधानी बरत सकते हैं।
‘सुरक्षित सफर, सुरक्षित परिवार’ का संदेश
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
पुलिस के 5 सुनहरे नियम

  • ब्लैक स्पॉट्स के पास वाहन की गति धीमी रखें
  • यातायात संकेतों और चेतावनी बोर्ड का पालन करें
  • दुपहिया पर हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं
  • वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें
  • सुरक्षा संबंधी जानकारी को दूसरों के साथ भी साझा करे
    अभियान में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने भी भागीदारी निभाई। पुलिस का मानना है कि जनसहभागिता से ही इस तरह की पहल को सफल बनाया जा सकता है और दुर्घटनाओं के आंकड़ों में कमी लाई जा सकती है।
    वही पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान टोल प्लाजा मैनेजर इमरान खान,कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *