
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। खोरा लाड़खानी ग्राम पंचायत एक बार फिर साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विवादों में घिर गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा साफ-सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बदहाल बनी हुई है।
इस दौरान बजरंग सिंह ने बताया कि हाल ही में ग्राम पंचायत खोरा लाड़खानी में लगे शिविर में उपखंड अधिकारी को भी इस समस्या को लेकर अवगत कराया गया था।
ग्रामीणों के अनुसार मस्जिद के पीछे मंगरा की ढाणी क्षेत्र में करीब 700 मीटर लंबा और लगभग 4 फीट चौड़ा नाला बनाया गया था, जिससे पूरे गांव के पानी की निकासी होती है। लेकिन वर्षों से नाले की सफाई नहीं होने के कारण उसमें गंदगी और झाड़ियां भर गई हैं, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण बजरंग सिंह ने बताया कि पिछले लगभग 15 वर्षों से इस नाले की समुचित सफाई नहीं करवाई गई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में 7 जुलाई को भी ग्राम पंचायत को अवगत कराया गया था, लेकिन सरपंच ईश्वरचंद जाट द्वारा दिए गए आश्वासन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के रिकॉर्ड में साफ-सफाई के कार्य दर्शाए जा रहे हैं, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। बरसात के मौसम में नाले की सफाई नहीं होने से जलभराव और गंदगी की समस्या बढ़ने लगी है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नाले की तत्काल सफाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो पंचायत के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।