धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को मनोहरपुर कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया।
सुबह से ही घरों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बहनों ने सुबह स्नान आदि कर थाली में रोली, चावल, दीया और राखी सजाकर अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्जवल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार, नगद राशि देकर जीवनभर हर सुख-दुख में साथ निभाने और रक्षा करने का वचन दिया। जो भाई नौकरी या व्यवसाय के कारण बाहर रहते हैं, उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से राखी बंधवाई।
इस पावन अवसर पर क्षेत्र के माशहूर व दयालु भामाशाह इंद्र कुमार अग्रवाल ने समस्त क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।अग्रवाल ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व केवल एक धागे का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के निस्वार्थ प्रेम, अटूट विश्वास और जन्म-जन्मांतर के पवित्र बंधन का प्रतीक है। यह पर्व हमें हमारी महान भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को संजोकर रखने की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में भी इस पर्व का महत्व कम नहीं हुआ है। यह पर्व हमें यह एहसास दिलाता है कि परिवार से बड़ा कोई धन नहीं होता और भाई-बहन का प्यार दुनिया का सबसे सच्चा प्यार होता है।
अंत में उन्होंने ईश्वर से कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशहाली, सुख-शांति और समृद्धि लेकर आए। इस दौरान कस्बे के बाजारों में भी दिनभर भारी रौनक देखने को मिली। मिठाई की दुकानों और राखी की दुकानों पर देर शाम तक भीड़ लगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *