
www.daylifenews.in
कोलकाता। श्याम मेटालिक्स समूह ने अपने संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और परिचालन विस्तार की दिशा में एक बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है। समूह ने आलम सोलर प्राइवेट लिमिटेड में निवेश किया है, जिसे फुतामुरा कोयला ब्लॉक के खनन अधिकारों के लिए सफल बोलीदाता घोषित किया गया है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित समृद्ध मांड-रायगढ़ कोयला क्षेत्र में फैले फुतामुरा कोयला ब्लॉक का क्षेत्रफल लगभग 7.324 वर्ग किलोमीटर है। इसमें करीब 17 करोड़ टन कोयले का अनुमानित भंडार है। यहां जुलाई 2027 से खनन कार्य और कोयला उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। श्याम मेटालिक्स एंड एनर्जी लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक बृज भूषण अग्रवाल ने कहा, “आलम सोलर प्राइवेट लिमिटेड में हमारे समूह का निवेश और फुतामुरा कोयला ब्लॉक के अधिकार हासिल करना पूर्ण आत्मनिर्भरता की दिशा में हमारी रणनीतिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। मांड-रायगढ़ कोयला क्षेत्र में करीब 17 करोड़ टन के अनुमानित भंडार के साथ यह उपलब्धि हमारी बैकवर्ड इंटीग्रेशन व्यवस्था को काफी मजबूत करेगी।”