
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। उपखंड क्षेत्र के ग्राम पीलवा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को विद्यार्थियों के लिए स्कूल बैग एवं शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, पाठ्य-पुस्तकें, कॉपियां, पेंसिल बॉक्स तथा अन्य आवश्यक स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। नई शिक्षण सामग्री और स्कूल बैग पाकर नौनिहालों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंचायत शिक्षा अधिकारी एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ऊकरूंद के प्रधानाचार्य रामकेश मीणा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिर्राज प्रसाद सैनी, अध्यापिका अनीता अवस्थी, कांता जैन, रविंद्र शर्मा तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अध्यापिका अनीता अवस्थी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा सरकारी विद्यालयों से जोड़ना है।
मुख्य अतिथि रामकेश मीणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिर्राज प्रसाद सैनी ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
इस दौरान कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, अभिभावक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।