गढ़ रोड संत आश्रम के पीछे दर्द से तड़प रहे घायल गाय का इलाज

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। शहर में कई दिनों से घायल अवस्था में घूम रहे दो बेसहारा गोवंश को शुक्रवार को गौ सेवा समिति के सदस्यों ने पकड़कर उपचार करवाया। घायल गोवंश की जानकारी मिलने के बाद गोसेवक मौके पर पहुंचे और पशु सहायक के सहयोग से दोनों का इलाज कराया।
जानकारी के अनुसार गढ़ रोड स्थित संत आश्रम के पीछे एक गाय कई दिनों से घायल अवस्था में दर्द से परेशान होकर घूम रही थी। स्थानीय ग्रामीणों ने गाय की हालत देखकर इसकी सूचना मण्डावर गौ सेवा समिति के सदस्यों को दी। सूचना मिलते ही समिति की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद घायल गाय को पकड़कर निजी पशु सहायक मदनलाल प्रजापत एवं जीवण लाल बैरवा के सहयोग से उसका उपचार करवाया।
इसी प्रकार करणवास क्षेत्र में भी एक नंदी घायल अवस्था में घूम रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर गौ सेवा समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर नंदी को पकड़ा और उसका भी उपचार करवाया। मण्डावर गौ सेवा समिति अध्यक्ष रवि कुमार मीना ने बताया कि घायल गोवंश को समय पर उपचार नहीं मिलने पर उसकी हालत और गंभीर हो सकती थी। टीम के सदस्यों को बेसहारा और घायल गोवंश की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और उसका उपचार करवाया । उन्होंने आमजन से भी अपील की कि सड़क या आसपास के क्षेत्र में कोई गोवंश घायल अवस्था में दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत गौ सेवा समिति के सदस्यों को दें, ताकि समय रहते उसका उपचार कराया जा सके।
इस दौरान गौ सेवा समिति मण्डावर टीम के सदस्य करण रायपुर, राजेश रायपुर, लोकेश रायपुर, अनिल मण्डावर, वकील रायपुर, गुड्डू रायपुर, संतोष रायपुर, रचित मण्डावर, करण सैनी मण्डावर सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *