

दिनदहाड़े हुई घटना, भीड़ जुटने से यातायात थमा, जाम में कुछ देर फंसी एंबुलेंस, मौके पर पुलिसकर्मी नहीं दिखे
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। शहर के बस स्टैंड पर गुरुवार शाम साइड लेने को लेकर ट्रक चालक और रिक्शा चालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। सड़क पर मारपीट के दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात बाधित हो गया और जाम के हालात बन गए। इसी दौरान एक एंबुलेंस भी कुछ देर जाम में फंसी रही। खास बात यह रही कि घटना के दौरान मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस या संबंधित कार्मिक नजर नहीं आए।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक दिल्ली से पत्थर खाली कर करौली की ओर लौट रहा था। बस स्टैंड के पास उसने आगे चल रहे रिक्शा से साइड लेने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर रिक्शा चालक से उसका विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर रिक्शा चालक ने ट्रक चालक के साथ मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि रिक्शा चालक हिंगोटा गांव का रहने वाला है और मण्डावर शहर में रिक्शा चलाता है।
मारपीट के दौरान सड़क पर जुटी भीड़, थम गया यातायात
विवाद और मारपीट के कारण सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बस स्टैंड क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। इसी जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई। एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए भी मौके पर तत्काल यातायात व्यवस्था संभालने वाला कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। इससे बस स्टैंड की यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए।
ट्रक चालक ने नहीं दी शिकायत
घटना के बाद ट्रक चालक बाहर का होने के कारण ट्रक लेकर मौके से चला गया। उसने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर उसने पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी है। वहीं, पुलिस की ओर से भी मामले में किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
इनका कहना है।
ऐसे किसी मामले को लेकर थाने में अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-हरिओम मीणा
थानाधिकारी मण्डावर