भजनों की गूंज और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया वामन देव मंदिर

धूमधाम से मनाई वामन दीपावली, महिलाओं ने मंगल गीत गाकर की देव परिक्रमा
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के वामन देव मंदिर में शुक्रवार को वामन दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से सजाया गया। शाम ढलते ही रोशनी से जगमगाता मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन गया। मंदिर की भव्य सजावट और भक्तिमय माहौल ने पर्व की छटा को और खास बना दिया।
मंदिर के पुजारी रघुवीर वैद्य ने बताया कि धार्मिक आयोजनों की शुरुआत सुबह मंगला आरती के साथ हुई। इसके बाद दोपहर में महिलाओं की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। महिलाओं ने भगवान वामन के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। इस दौरान कमल किरण पंसारी ने महिलाओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
शाम को महिलाओं ने समूह में देव उठाकर मंगल गीत गाते हुए वामन देव मंदिर की परिक्रमा लगाई। पारंपरिक मंगल गीतों की गूंज और महिलाओं की सामूहिक भागीदारी ने आयोजन को विशेष धार्मिक रंग प्रदान किया। वहीं रात को विद्युत रोशनी से जगमगाते मंदिर की आकर्षक छटा देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस दौरान सागरमल जिंदल, प्रमोद जिंदल, नंदकिशोर पारीक, आशीष पारीक, मधुसूदन शर्मा, दिनेश मिश्रा राकेश मिश्रा सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *