

कन्याओं के सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए जागरूक करने का लिया संकल्प
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। वर्गो सांस्कृतिक संस्था की ओर से नवरात्रि के पावन अवसर पर छोटी चौपड़ स्थित चतुर्भुज जी मंदिर परिसर में 5100 कन्याओं के पूजन एवं प्रतिभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कन्याओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना, समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करना रहा। इस अवसर पर कन्याओं का पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया।
संस्था की अध्यक्ष रूपाली राव ने बताया कि संस्था की ओर से प्रतिवर्ष कन्या पूजन एवं प्रतिभोज कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। नवरात्रि में कन्या पूजन भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है, जो नारी शक्ति के सम्मान और समाज में बेटियों के महत्व का संदेश देती है।
संस्था के सूचना मंत्री सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्यालयों में जाकर कन्याओं के लिए भोजन के पैकेट वितरित किए गए। इनमें एसएसजी पारीक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाहरगढ़ रोड; प्रेम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जयसिंहपुरा खोर; ग्रीनफील्ड इंग्लिश स्कूल, मोती कटला; राष्ट्रीय उन्नति विद्यालय, उनियारों का रास्ता; विक्रम बाल निकेतन, बाबा हरिश्चंद्र मार्ग तथा हेल्पलाइन स्कूल सहित अन्य विद्यालय शामिल रहे।
रूपाली राव ने कहा कि नवरात्रि में 2 से 10 वर्ष तक की कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन एवं भोजन कराने की परंपरा है। यह परंपरा समाज को कन्याओं के प्रति श्रद्धा, सम्मान और सेवा का संदेश देती है।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी ने कन्याओं के समान, शिक्षा ,सुरक्षा ,और उज्जवल भविष्य के लिए समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।