


महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश रखकर की अगवानी
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। गाजे-बाजे की गूंज, घोड़ों की टाप, सजी-धजी बग्गियां और महाराजा अग्रसेन के जयकारे…। मौका था अग्रवाल सम्मेलन मण्डावर की ओर से आयोजित चार दिवसीय अग्रसेन महोत्सव के समापन का। रविवार को महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाओं की भागीदारी और जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा ने आयोजन को खास बना दिया। आतिशबाजी और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा से शहर का माहौल अग्रसेनमय हो गया।
समाज के राजेश अग्रवाल ने बताया कि समापन दिवस की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद बाइक रैली निकाली गई। दोपहर में सामूहिक भोज हुआ, जिसमें सैकड़ों समाजबंधुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इसके बाद महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा रवाना हुई। शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और ध्वज लहराकर किया गया। इस दौरान सामूहिक आरती की गई तथा महिलाओं को उपहार वितरित किए गए।
पुष्पवर्षा से स्वागत, जयकारों से गूंजे बाजार
शोभायात्रा अजय नगर से रवाना होकर मिस्त्री मार्केट, कपड़ा बाजार और गांधी चौक होते हुए पंचायती धर्मशाला पहुंची। रास्ते में जगह-जगह शहरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। साइंस कैंपस विद्यालय के निदेशक विजय झालानी, विकास सेंट्रल स्कूल के निदेशक एमडी शर्मा, विकास उपाध्याय, आकाश उपाध्याय, पूर्व सरपंच रामनिवास गोयल, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष महंत संतोष, खंडेलवाल समाज के प्रतिनिधियों और जैन समाज अध्यक्ष शशिकांत जैन सहित अनेक लोगों ने शोभायात्रा का अभिनंदन किया। शोभायात्रा में अग्रवाल समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए।
समाजबंधुओं ने संभाली सेवा की जिम्मेदारी
राजेश अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा के रथ का संचालन कल्याण सहाय पूरण बंसल ने किया। महाराजा अग्रसेन को पूर्व सरपंच रामनिवास गोयल और पदमचंद गोयल ने माला अर्पित की, जबकि गोपालराम भूड़ावालों की ओर से चंवर सेवा दी गई।
इस दौरान अग्रवाल सम्मेलन अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष मनोज कुमार गर्ग, महामंत्री अवधेश कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पूरण बंसल, पूर्व अध्यक्ष महेश चंद्र तेल वाले, द्वारका प्रसाद गोयल और राजेश अग्रवाल सहित समाज के अनेक सदस्य मौजूद रहे।