पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ पूजा-अर्चना

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (जयपुर)। शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने अपने पतियों की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर दिनभर निर्जला व्रत रखा। शाम को महिलाओं ने सोलह शृंगार कर विधि-विधान से करवा माता की पूजा-अर्चना की और चांद के दर्शन कर अर्घ्य देने के बाद व्रत खोला।
जानकारी के अनुसार गढ़हिम्मतसिंह, सायपुर-पाखर, टीकरी-किलानोत, बनावड़, हाड़ौली, ऐदलपुर, जटवाड़ा, रसीदपुर, ऊकरूंद और कोट सहित आसपास के गांवों में भी करवा चौथ को लेकर उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने सुबह से ही व्रत की तैयारियां शुरू कर दी थीं। घरों में पकवान बनाए गए और पूजा के लिए करवा, दीपक, मिठाई तथा अन्य पूजन सामग्री की व्यवस्था की गई।
दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को महिलाओं ने घर एवं मंदिरों में समूह में एकत्रित होकर करवा चौथ की कथा सुनी। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और परिवार में सुख-शांति तथा खुशहाली की कामना की। कई घरों में महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर पूजा की तैयारियां कीं। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक रही और महिलाओं ने शृंगार सामग्री व पूजन सामग्री की खरीदारी की।
रात को चंद्रमा निकलने का इंतजार किया गया। चांद के दर्शन होते ही महिलाओं ने छलनी से चंद्रमा और अपने पति का चेहरा देखकर पूजा की तथा अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद पतियों के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारणा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *