
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे के शांतिनगर में घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम नैन्सी पर अचानक आवारा श्वान (कुत्ते)ने हमला कर दिया। श्वान के काटने से बच्ची घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए मनोहरपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे शाहपुरा रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार नैन्सी पुत्री सुनील खाटूमरिया अपने मकान के गेट के पास खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक श्वान ने उस पर हमला कर दिया और काटकर घायल कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में करीब 5 से 7 आवारा श्वान लगातार मंडराते रहते हैं। ये श्वान बच्चों को काटने के लिए दौड़ते हैं, जिससे छोटे बच्चों के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों का भी घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से आवारा श्वानों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की है।