
मुड़िया पूर्णिमा मेला :
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। मुड़िया पूर्णिमा मेले में मथुरा और गोवर्धन पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आगरा रेल मंडल ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में भीड़ प्रबंधन, टिकट व्यवस्था, चिकित्सा, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
रेलवे ने वाणिज्य विभाग के करीब 80 कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई है। इनमें टिकट चेकिंग स्टाफ, बुकिंग क्लर्क और वाणिज्य निरीक्षक शामिल हैं। मथुरा जंक्शन पर 55 और गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर 15 कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जबकि शेष कर्मचारियों को आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर लगाया जाएगा।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मथुरा जंक्शन पर 21 अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित किए जाएंगे। प्रथम प्रवेश द्वार पर 8, द्वितीय प्रवेश द्वार पर 6 और तृतीय प्रवेश द्वार पर 4 काउंटर खोले जाएंगे। इसके अलावा तीन काउंटर रिजर्व रखे गए हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तत्काल शुरू किया जाएगा। गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर भी चार अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित होंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मथुरा जंक्शन के प्रथम, द्वितीय (मालगोदाम) और तृतीय (धौली प्याऊ) प्रवेश द्वारों पर यात्री शेड, हेल्प डेस्क और सूचना केंद्र बनाए गए हैं। यहां यात्रियों को मार्गदर्शन, टिकट संबंधी जानकारी, गुमशुदा सहायता और भीड़ प्रबंधन में सहयोग मिलेगा। स्टेशन पर 24 घंटे चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र, एम्बुलेंस सेवा और खोया-पाया केंद्र भी संचालित रहेगा।
स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मथुरा जंक्शन, भूतेश्वर और गोवर्धन रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त डस्टबिन रखे गए हैं और नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था की गई है।
आगरा रेल मंडल ने श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रवेश और निकास मार्गों का उपयोग करने तथा किसी भी सहायता के लिए हेल्प डेस्क या रेलवे कर्मचारियों से संपर्क करने की अपील की है।