बिजली की चोरी करने वालों में खौफ पैदा करें – पुष्पेंद्र चौधरी

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के बीच आपसी सौहार्द, सम्मान और समन्वय की एक मिसाल मंगलवार को देखने को मिली।
जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड जयपुर (jpdc -नॉर्थ ) अधीक्षण अभियंता एम एल मीणा व जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड अधिशाषी अभियंता राजेंद्र कुमार परेवा के मनोहरपुर आगमन पर जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, मनोहरपुर के सहायक अभियंता पुष्पेंद्र चौधरी के नेतृत्व में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यालय परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में चौधरी ने परंपरागत राजस्थानी रीति-रिवाज के अनुसार एम एल मीणा व परेवा को साफा बंधवाकर, माला पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित समस्त अधिकारीगण व कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।
विभागीय कार्यों पर हुई सार्थक चर्चा
स्वागत के पश्चात अधिकारियों के बीच एक अनौपचारिक बैठक हुई। बैठक में उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने, विद्युत चोरी रोकने, राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा मानसून के दौरान संभावित व्यवधानों से निपटने के लिए पूर्व तैयारी पर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अधीक्षण अभियंता एम एल मीणा ने कहा कि उपभोक्ता ही हमारी प्राथमिकता हैं। मानसून के समय फॉल्ट और ट्रिपिंग की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए अभी से फीडरों की चेकिंग, जर्जर तारों को बदलने और पेड़ों की छंटाई का काम पूरा कर लें।
उन्होंने आगे कहा राजस्व वसूली और विद्युत चोरी रोकना दोनों ही निगम की आर्थिक स्थिति के लिए जरूरी हैं। फील्ड स्टाफ मेहनत कर रहा है, लेकिन हमें और पारदर्शिता के साथ काम करना होगा। जो कर्मचारी अच्छा काम करेंगे, उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार परेवा ने मनोहरपुर टीम के आतिथ्य और कार्यशैली की सराहना की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कर्मचारियों की मेहनत और अनुशासन से ही निगम की छवि बेहतर हो रही है। उन्होंने सभी को समय पर मेंटेनेंस, सुरक्षा मानकों के पालन और उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
सहायक अभियंता पुष्पेंद्र चौधरी ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ बिजली देना नहीं, बल्कि उपभोक्ता को संतुष्ट करना है। इसके लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना से काम करना होगा।
संकल्प लिया गया
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे ताकि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 24×7 निर्बाध बिजली मिल सके और निगम को राजस्व हानि से बचाया जा सके। सम्पूर्ण कार्यक्रम अनुशासन, सम्मान और सहयोग के माहौल में संपन्न हुआ।
इस गरिमामयी अवसर पर जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड शाहपुरा (HTM) के सहायक अभियंता श्री मनोहर सिंह यादव_ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ निगम के तकनीकी कर्मचारी, फीडर इंचार्ज एवं कार्यालय स्टाफ भी मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *