नगर पालिका ने जलभराव समस्या का कराया समाधान

कई कॉलोनियों का पानी सड़कों पर जमा होने से थी गंभीर समस्या
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। मनोहरपुर क्षेत्र के हंसराज तिराहा–बिशनगढ़ तिराहा मार्ग पर स्थित कई कॉलोनियों का पानी निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय से सड़कों पर जमा हो रहा था। जलभराव की समस्या से स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
इस गंभीर समस्या को लेकर एलएनएस न्यूज चैनल एवं जयपुर ग्रामीण चैनल के माध्यम से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया और मौके का निरीक्षण कर समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्य शुरू कराया।
नगर पालिका द्वारा पानी निकासी के लिए खुदाई कर सीमेंटेड पाइप डाले गए तथा जमा पानी को धूलेश्वर कॉलेज के सामने बनी पुलिया एवं नाले तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। इससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या का समाधान हो गया है और अब सड़कों पर पानी जमा नहीं होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे आवागमन प्रभावित होता था। नगर पालिका की पहल से अब क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।
क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों ने नगर पालिका का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा समय रहते किया गया यह कार्य सराहनीय है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनसमस्याओं का इसी तरह त्वरित समाधान किया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *