श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की सजीव झांकी ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे के छीपा मोहल्ला स्थित मंदिर श्री रघुनाथ जी गोपाल जी में श्री नामदेव सेवा समिति, मनोहरपुर के सानिध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। कथा वाचक आचार्य श्री शंकरलाल शास्त्री जैतपुरा वाले ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान राम मर्यादा, सत्य और आदर्शों के प्रतीक हैं, इसलिए उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है।
इस दौरान आचार्य शास्त्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण करने मात्र से मनुष्य के कष्ट दूर होते हैं तथा जीवन में सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने भगवान के चरित्रों को जीवन में अपनाने का संदेश भी दिया।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की मनमोहक एवं सजीव झांकी सजाई गई, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए भगवान को माखन-मिश्री का भोग अर्पित किया तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्तिमय माहौल बनाया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायंकाल 6 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा के साथ विभिन्न धार्मिक प्रसंगों की सजीव झांकियां भी प्रस्तुत की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालु भगवान की लीलाओं का साक्षात अनुभव कर रहे हैं।
कथा में शाहपुरा विधायक मनीष यादव सहित मनोहरपुर की पटवारी प्रियंका जी ने भी शिरकत की। इस अवसर पर अतिथियों का साफा एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्मलाभ प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *