
रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बुलेट को मारी टक्कर
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मंडावर (दौसा)। थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (RAC) के जवान की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन और एक साल की भांजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा केसरी के वास गांव के पास उस समय हुआ, जब रेत से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार लाडनपुर निवासी कल्ला गुर्जर (30) पुत्र विजय सिंह बैंसला, जो आरएसी की सेकेंड बटालियन कोटा में कांस्टेबल पद पर तैनात थे, रविवार शाम अपनी बहन रविता गुर्जर और एक वर्षीय भांजी के साथ महवा से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान केसरी के वास के निकट सामने से आ रही रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कल्ला गुर्जर ट्रैक्टर के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी बहन और भांजी सड़क पर दूर जा गिरीं, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना पर रसीदपुर चौकी प्रभारी जगदीश प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को महवा जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने कल्ला गुर्जर को मृत घोषित कर शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। गंभीर हालत होने पर महिला और बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर खेत में उतर गई। चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। ट्रॉली में अवैध रूप से रेत भरी हुई थी, जिसे पास के एक ईंट-भट्ठे पर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दो दिन पहले ही छुट्टी पर आया था जवान
परिजनों ने बताया कि कल्ला गुर्जर वर्ष 2015 में आरएसी में भर्ती हुए थे और वर्तमान में कोटा में तैनात थे। वह दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। कल्ला परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और तीन बेटियां हैं, जबकि छोटा भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। जवान की असमय मौत से लाडनपुर गांव में शोक की लहर है।