प्रतिद्वंद्वी ठेके पर नकली शराब और कम कीमत पर बिक्री के आरोप

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मंडावर (दौसा)। मण्डावर शहर में एक शराब ठेकेदार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली चर्चा का विषय बन गई है। वायरल वीडियो में सायपुर-पाखर बाईपास स्थित शराब दुकान के ठेकेदार ने नए बस स्टैंड स्थित एक शराब ठेकेदार पर आबकारी अधिकारियों से कथित मिलीभगत कर नकली शराब बेचने तथा निर्धारित एमआरपी से कम दरों पर शराब बिक्री करने के आरोप लगाए हैं।
वीडियो में सायपुर-पाखर बाईपास स्थित शराब दुकान के ठेकेदार करण सिंह गुर्जर ने दावा किया है कि उसने करोड़ों रुपए में वर्षभर के लिए शराब ठेका लिया है, जबकि नए बस स्टैंड स्थित शराब दुकान पर देशी शराब निर्धारित मूल्य से कम कीमत पर बेची जा रही है। उनका आरोप है कि इससे अन्य लाइसेंसी दुकानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो रही है।
शराब ठेकेदार करण सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित दुकान पर अंग्रेजी शराब निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बेची जा रही है, जबकि देशी शराब कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार आबकारी विभाग को शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। वीडियो में जिला आबकारी अधिकारी और संबंधित आबकारी निरीक्षक पर भी कथित मिलीभगत के आरोप लगाए गए हैं।
नकली शराब बेचने का भी लगाया आरोप
वायरल वीडियो में ठेकेदार ने संबंधित शराब दुकान पर नकली शराब की बिक्री होने की आशंका भी जताई है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास कुछ दस्तावेज और साक्ष्य हैं, जिन्हें जल्द सार्वजनिक किया जाएगा। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में शराब बिक्री व्यवस्था और विभागीय निगरानी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, वहीं यदि आरोप निराधार हैं तो वास्तविक स्थिति भी सार्वजनिक की जानी चाहिए ताकि भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।
आबकारी निरीक्षक ने आरोपों को बताया निराधार
मामले में कार्यवाहक आबकारी निरीक्षक लोकेश यादव ने वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों ठेकेदारों के बीच व्यापारिक प्रतिस्पर्धा है और पूर्व में भी इसी प्रकार की शिकायतों पर नए बस स्टैंड स्थित ठेके का दो बार सत्यापन कराया जा चुका है, जिसमें कोई अनियमितता सामने नहीं आई।
उन्होंने कहा कि यदि फिर भी किसी प्रकार की शिकायत या साक्ष्य प्रस्तुत किए जाते हैं तो विभाग द्वारा दोबारा जांच कराई जाएगी। जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से मिलीभगत के आरोपों को भी खारिज किया है।
इनका कहना है।
वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। शिकायतकर्ता ने फोन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जानकारी संबंधित आबकारी निरीक्षक को दे दी गई है। शिकायत के बिंदुओं का मौके पर सत्यापन कराया जाएगा। जांच में किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

  • धर्मेन्द्र शर्मा
    सहायक आबकारी अधिकारी दौसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *