
करंट लगने से दो मजदूर झुलसे एक जयपुर, दूसरे को दौसा रेफर
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। मण्डावर महुवा रोड रेलवे स्टेशन पर चल रहे रेल दोहरीकरण कार्य के दौरान मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। विद्युतीकरण कार्य के लिए पोल खड़ा करते समय वह रेलवे लाइन के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे पोल में करंट दौड़ गया और उसकी चपेट में आकर दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 4 बजे रेलवे स्टेशन की सतानंद कॉलोनी फाटक के पास में रेल दोहरीकरण परियोजना के तहत विद्युतीकरण के पोल लगाए जा रहे थे। इसी दौरान मजदूर सलमान पुत्र अकबर खान (25) एवं खेमराज पुत्र शिवलाल (25), निवासी ढिगारिया भीम, थाना बैजूपाड़ा, पोल खड़ा करने का कार्य कर रहे थे। अचानक पोल ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज विद्युत लाइन से अड़ गया, जिससे उसमें तेज करंट प्रवाहित हो गया।
करंट की चपेट में आने से दोनों मजदूर बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों एवं स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मण्डावर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सलमान की हालत अधिक गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया, जबकि खेमराज को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद रेलवे परियोजना से जुड़े अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
रेल दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण जैसे संवेदनशील कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के नीचे कार्य करते समय पर्याप्त सुरक्षा उपाय अपनाए जाने चाहिए थे, जिससे इस प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सकता था।