
मनोहरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। जयपुर ग्रामीण पुलिस के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनोहरपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैर कृषि कार्य हेतु परिवहन की जा रही 60 कट्टे यूरिया खाद से भरी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि दिनांक 17 जून की रात करीब 1:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि हरिकिशनपुरा की ओर जा रही पिकअप संख्या RJ 32 GB 3554 में अवैध रूप से यूरिया खाद का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी सुरेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर वाहन को रुकवाया। पुलिस को देखकर चालक पिकअप सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
तलाशी के दौरान वाहन में 45-45 किलोग्राम वजन के 60 कट्टे यूरिया खाद बरामद हुए, जिन पर पंजाब की नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड का लेबल लगा हुआ था। पुलिस ने वाहन और खाद को जब्त कर कृषि विभाग को सूचना दी।
कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच में पाया गया कि बरामद यूरिया खाद का उपयोग कृषि कार्य के बजाय अन्य कार्यों में किया जाना था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 की धारा 25(1), 28(1)(क) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश सिंह, सवाई, सुनील सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।