
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर दौसा पुलिया से पहले बने कट पर शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन लोगों ने पीछा कर ट्रक को चंदवाजी क्षेत्र में पकड़ लिया।
थाना पुलिस के एएसआई रामू सिंह ने बताया कि बाइक पर सवार भगवान सहाय गुर्जर निवासी सलेर-गटवाड़ी भोजपुरा तथा सुल्तान चोरट निवासी स्वामी की ढाणी शाहपुरा से जयपुर की ओर जा रहे थे। दौसा पुलिया से पहले बने कट पर ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में भगवान सहाय के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुल्तान भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी निम्स चिकित्सालय के लिए ले जाया गया। हादसे की सूचना पर एसआई रामू सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी अनुसार दोनों व्यक्ति शाहपुरा के रजनीश अस्पताल में भर्ती अपनी परिचित सुनीता गुर्जर पुत्री रामकरण गुर्जर, निवासी स्वामी की ढाणी, दूधी आमलोद से मिलकर आ रहे थे। सुनीता का चार दिन पहले अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था। अस्पताल में मुलाकात के बाद दोनों वापस अपने कार्य पर जाने वाले थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर श्रतिग्रस्त बाइक ओर ट्रक को थाना में लाकर खड़ा किया है।