
मौसी के मिलने के कुछ देर बाद हुई घटना
जाफर लोहानी
www.dalifnews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे के ज्योतिष (डाकोत) मोहल्ला वार्ड संख्या 19 निवासी 35 वर्षीय टिंकू का शव रविवार को किराए के मकान में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान टिंकू (35) पुत्र प्रेमचंद के रूप में हुई है। वह बचपन से अपने नाना-मामा के पास रहकर बड़ा हुआ था और वर्तमान में कस्बे में किराए के मकान में अकेला रह रहा था। रविवार सुबह करीब 10 बजे उसकी मौसी उससे मिलकर बातचीत कर लौट गई थी। इसके कुछ समय बाद वह कमरे में फंदे से लटका मिला।
आस-पड़ोस के लोगों ने युवक को तत्काल फंदे से उतारकर राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय, मनोहरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एएसआई राजेश कुमार पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।